नालंदा जिले के इस्लामपुर प्रखंड स्थित कटवारसलपुर गांव में एक अनोखा पारिवारिक मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां तीन बच्चों की मां और गांव के ही एक युवक के बीच लंबे समय से चल रहे प्रेम संबंध का खुलासा होने के बाद घटनाक्रम ने अप्रत्याशित मोड़ ले लिया। जानकारी के अनुसार 36 वर्षीय महिला और 24 वर्षीय युवक के बीच काफी समय से प्रेम संबंध था, जिसकी भनक गांव वालों को भी लग चुकी थी। शुक्रवार रात दोनों के मिलने के दौरान ग्रामीणों ने उन्हें देख लिया, जिसके बाद गांव में हंगामा मच गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
सूचना मिलने पर खुदागंज थाना पुलिस दोनों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। वहां दोनों पक्षों के परिजन और ग्रामीण भी मौजूद रहे। पूछताछ के दौरान युवक ने महिला के साथ जीवन बिताने की इच्छा जताई, जबकि महिला ने भी प्रेमी के साथ रहने की बात कही। इस पूरे घटनाक्रम के बीच महिला के पति ने ऐसा फैसला लिया जिसने सभी को हैरान कर दिया। उसने पत्नी के साथ आगे नहीं रहने का निर्णय लिया और उसकी इच्छा का सम्मान करते हुए प्रेमी से शादी कराने की सहमति दे दी।
इसके बाद पति स्वयं महिला और उसके प्रेमी को पास के मंदिर में लेकर गया, जहां ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में दोनों की शादी संपन्न कराई गई। घटना के बाद महिला के तीनों बच्चों ने अपनी मां के साथ जाने से इनकार कर दिया और पिता के साथ रहने की इच्छा जताई। यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बना हुआ है और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।




