पटना, 18 अगस्त 2026 : बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने TRE-4.0 यानी चतुर्थ चरण विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत शिक्षा विभाग में 32,388 विद्यालय अध्यापकों के पदों पर नियुक्ति की जाएगी। लंबे समय से TRE-4 के नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को अब बड़ी राहत मिली है। बिहार लोक सेवा आयोग ने आवेदन की तारीखों का भी ऐलान कर दिया है।
32,388 पदों पर होगी शिक्षक भर्ती
BPSC की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, शिक्षा विभाग, बिहार के अंतर्गत विद्यालय अध्यापक के कुल 32,388 रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इन पदों के लिए योग्य भारतीय अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
एक सितंबर से शुरू होगा BPSC TRE-4 आवेदन
TRE-4.0 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
महत्वपूर्ण तारीखें :
- आवेदन शुरू: 1 सितंबर 2026
- आवेदन की अंतिम तारीख: 30 सितंबर 2026
- शुल्क भुगतान शुरू: 1 सितंबर 2026
- शुल्क भुगतान की अंतिम तारीख: 29 सितंबर 2026
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले BPSC की ओर से जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन और दिशा-निर्देशों को अच्छी तरह पढ़ लें।
TRE-4 नोटिफिकेशन में देरी पर चल रही थी चर्चा
TRE-4 की वैकेंसी को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। नोटिफिकेशन में देरी के कारण कई बार अभ्यर्थियों की ओर से सवाल भी उठाए गए थे। इसी बीच शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने संकेत दिया था कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं और नोटिफिकेशन जल्द जारी हो सकता है। आयोग ने आधिकारिक तौर पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
शिक्षा मंत्री ने अभ्यर्थियों से की थी पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील
TRE-4 में देरी को लेकर अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने उनसे आंदोलन के बजाय पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि भर्ती को लेकर विभागीय स्तर पर तैयारियां पूरी हैं और प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद अब अभ्यर्थियों के सामने परीक्षा की तैयारी का रास्ता साफ हो गया है।
राज्यपाल से मुलाकात के दिन आया TRE-4 नोटिफिकेशन
मंगलवार को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन से राजभवन में मुलाकात की। इस दौरान बिहार की शिक्षा व्यवस्था, शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इसी दिन BPSC ने TRE-4.0 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया, जिससे शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हो गया।
अभ्यर्थियों के लिए अब क्या जरूरी ?
TRE-4 में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद अपनी शैक्षणिक योग्यता, पात्रता, आरक्षण, दस्तावेज और शुल्क से जुड़े नियमों को ध्यान से जांचना चाहिए। आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते फॉर्म भरना बेहतर रहेगा।




