वॉशिंगटन | 3 अगस्त 2026

अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की घटनाओं ने लोगों को दहला दिया है। रविवार को ओरेगन के पोर्टलैंड और इडाहो के ट्विन फॉल्स में हुई दो अलग-अलग फायरिंग की घटनाओं में कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। इस दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है और अब तक किसी स्पष्ट मकसद की पुष्टि नहीं हुई है।

पोर्टलैंड में फायरिंग, एक की मौत

पोर्टलैंड पुलिस के अनुसार, स्थानीय समयानुसार रविवार तड़के करीब 3:33 बजे नॉर्थईस्ट अल्बर्टा स्ट्रीट के 5800 ब्लॉक से गोलीबारी की सूचना मिली। इस मौके पर पहुंची पुलिस को दो लोग घायल मिले, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। बाद में पता चला कि कुल छह लोग गोलीबारी की चपेट में आए थे।

हालांकि इलाज के दौरान एक घायल की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। घायलों में एक किशोर भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और होमिसाइड यूनिट मामले की जांच कर रही है। इस बीच अधिकारियों ने प्रत्यक्षदर्शियों से आगे आकर जानकारी साझा करने की अपील की है।

इडाहो के रेस्टोरेंट में चलीं गोलियां

इसी बीच इडाहो राज्य के ट्विन फॉल्स शहर में स्थित एक रेस्टोरेंट के अंदर भी गोलीबारी की घटना सामने आई। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार इस हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल गोलीबारी के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।

पुलिस ने जारी किया अलर्ट

ट्विन फॉल्स पुलिस विभाग ने सार्वजनिक सुरक्षा अलर्ट जारी करते हुए लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और तलाशी अभियान जारी है तथा मामले से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जुटाई जा रही है।

दोनों घटनाओं ने अमेरिका में एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा और लगातार सामने आ रही गोलीबारी की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आधिकारिक जानकारी आने का इंतजार किया जा रहा है।