मथुरा, 28 अगस्त 2026 : अयोध्या के बाद अब मथुरा को लेकर विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने अभियान तेज करने का ऐलान कर दिया है। इस बीच संगठन की ओर से लखनऊ के अलग-अलग चौराहों पर पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें मथुरा के परिक्रमा मार्ग पर मांस और मदिरा की दुकानों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है। इसके साथ ही विश्व हिंदू रक्षा परिषद की ओर से कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की मांग भी उठाई जा रही है। संगठन ने इन मुद्दों को लेकर लखनऊ से मथुरा तक ‘मथुरा कूच यात्रा’ निकालने का ऐलान किया है। यह यात्रा 30 अगस्त को लखनऊ से रवाना होगी।
लखनऊ में लगाए गए पोस्टरों में क्या लिखा ?
संगठन की ओर से लगाए गए पोस्टरों पर लिखा गया है—
“अयोध्या काशी हुई हमारी, अब है मथुरा की बारी”
पोस्टर में आगे लिखा है—
“हर सनातनी की गूंज,
नहीं होंगे आधे-आधे,
अब मथुरा में होगा केवल राधे-राधे।”
मथुरा को लेकर अभियान जारी रखने का ऐलान
विश्व हिंदू रक्षा परिषद का कहना है कि मथुरा की धार्मिक पहचान और आस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर उसका अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। संगठन के मुताबिक 30 अगस्त को प्रस्तावित ‘मथुरा कूच यात्रा’ के जरिए इन मांगों को लेकर आवाज बुलंद की जाएगी। फिलहाल संगठन के इस अभियान और 30 अगस्त को होने वाली यात्रा को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा शुरू हो गई है।




