लखनऊ, 18 अगस्त। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा इलाके में अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम पर हमला करने के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने नामजद और अज्ञात समेत कुल 24 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर पथराव और हमला
रविवार को नगर निगम जोन-6 की टीम पुलिस बल के साथ पारा क्षेत्र में अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान चलाने पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही कुछ लोगों ने विरोध किया और टीम पर पथराव कर दिया। आरोप है कि बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी दरोगा विनय पटेल को हमलावरों ने दौड़ाकर पीटा और लोहे की चेन से हमला किया। मारपीट में उनकी वर्दी फट गई और वह कीचड़ में गिरकर घायल हो गए। उनके सिर में छह टांके लगे हैं।
नगर निगम के तीन कर्मचारी भी घायल
हमले में नगर निगम के कर्मचारी अवधेश कुमार, अभिनव और फुरकान के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। इसके अलावा नगर निगम के तीन सरकारी वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए। घटना के बाद पुलिस और नगर निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई तेज कर दी।
भारी पुलिस बल के साथ 200 भैंसें उठाईं
मंगलवार को तीन थानों की पुलिस और एक कंपनी पीएसी के जवानों की मौजूदगी में नगर निगम की कैटल कैचर टीम ने चार मोहल्लों में कार्रवाई की। सुरक्षा के लिए जवान हेलमेट और बुलेटप्रूफ जैकेट में तैनात रहे। अभियान के दौरान करीब 200 भैंसों को मौके से हटाया गया।
24 आरोपियों के खिलाफ FIR, दो गिरफ्तार
पारा पुलिस के मुताबिक अबरार, इमरान, सालून, सुबिल, सराफत, अतीक, आशिफ, वारिस, नसीम, रानू, जीशान और नाफिस समेत 12 नामजद तथा 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। खुशबू और आफरीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मेयर ने कहा- सरकारी टीम पर हमला बर्दाश्त नहीं
घटना के बाद महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार भी मौके पर पहुंचे। महापौर ने कहा कि पुलिस और नगर निगम की टीम पर हमला किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान जारी रखने और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की बात कही।




