गोरखपुर, 22 अगस्त 2026 : गोरखपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो की एक फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से गोरखपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2381 का पिछला हिस्सा यानी टेल लैंडिंग के दौरान रनवे से टकरा गया। इस विमान में क्रू मेंबर्स समेत कुल 178 लोग सवार थे। यह घटना 19 अगस्त की बताई जा रही है। टेल के रनवे से टकराने के बाद पायलट ने सुरक्षा के मद्देनजर विमान को दोबारा हवा में ले जाने का फैसला किया। इसे एविएशन की भाषा में Go-Around कहा जाता है। करीब 15 से 20 मिनट तक विमान हवा में रहने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से क्लीयरेंस मिलने पर इसकी दोबारा सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
लैंडिंग के बाद विमान में मिले खरोंच के निशान
विमान के सुरक्षित उतरने के बाद नियमित जांच के दौरान उसके पिछले हिस्से में Auxiliary Power Unit (APU) के पास खरोंच के निशान मिले। इसके बाद विमान को तत्काल सेवा से हटा दिया गया।फिलहाल विमान की तकनीकी जांच और मरम्मत की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
यात्रियों को दूसरे विमान से भेजा गया दिल्ली
गोरखपुर एयरपोर्ट के अधिकारियों के मुताबिक, यही विमान यात्रियों को वापस दिल्ली लेकर जाने वाला था। विमान को ग्राउंडेड किए जाने के बाद यात्रियों को दूसरे विमान से दिल्ली भेजा गया। इस पूरी प्रक्रिया में करीब 5 घंटे की देरी हुई। इस देरी के कारण कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने और जरूरी काम प्रभावित होने की स्थिति बनी।
IndiGo ने क्या कहा ?
इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि विमान को Go-Around कराने का फैसला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया था। कंपनी के मुताबिक यात्रियों, क्रू व विमान की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एयरपोर्ट डायरेक्टर ने दी घटना की जानकारी
गोरखपुर एयरपोर्ट के डायरेक्टर संजय कुमार ने बताया कि विमान के टेल में खरोंच के निशान मिलने के बाद उसे ग्राउंडेड कर दिया गया। उन्होंने कहा कि विमान की तकनीकी जांच के बाद ही आगे की उड़ान को लेकर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि विमान के ग्राउंडेड होने के बाद यात्रियों को दूसरे विमान से दिल्ली भेजा गया, जिससे करीब पांच घंटे की देरी हुई।
15 से 20 मिनट तक हवा में रहा विमान
सूत्रों के अनुसार, Go-Around के बाद विमान करीब 15 से 20 मिनट तक हवा में रहा। इसके बाद ATC से दोबारा क्लीयरेंस मिलने पर पायलट ने विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई। Go-Around के दौरान कुछ यात्री घबरा गए थे। हालांकि, क्रू मेंबर्स ने यात्रियों से शांत रहने की अपील की और स्थिति को नियंत्रित रखा।
गोरखपुर एयरपोर्ट पर रोज आती-जाती हैं 20 से 22 फ्लाइट्स
गोरखपुर एयरपोर्ट पर रोजाना करीब 20 से 22 फ्लाइट्स का संचालन होता है। एयरपोर्ट का रनवे करीब 2.7 किलोमीटर लंबा है और इसका संचालन भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण यानी AAI करता है। फिलहाल इंडिगो विमान की तकनीकी जांच जारी है। जांच पूरी होने और जरूरी तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा सेवा में शामिल किया जाएगा।




