साहिबगंज | 27 जुलाई 2026
झारखंड के साहिबगंज जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रांगा थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव में रविवार देर रात एक शराबी पिता ने अपने ही इकलौते 22 वर्षीय बेटे की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
शाम के विवाद ने रात में लिया खूनी रूप
जानकारी के अनुसार मृतक सफीकुल और उसके पिता मुजाहिरूल हक के बीच रविवार शाम किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। ग्रामीणों का कहना है कि विवाद की वजह शराब पीना और घरेलू कलह थी। देर रात आरोपी नशे की हालत में घर लौटा और सो रहे बेटे पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
पत्नी पर भी हमला करने की कोशिश
बेटे पर हमला करने के बाद आरोपी अपनी पत्नी पर भी वार करने जा रहा था। इसी दौरान घर में मौजूद बेटी ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग जुटने लगे। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल सफीकुल को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल और फिर पश्चिम बंगाल के जंगीपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही रांगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और शराब पीने का विरोध हत्या की वजह माना जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।




