जामताड़ा | 1 अगस्त 2026

साइबर अपराध के लिए देशभर में चर्चित झारखंड के जामताड़ा जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, आठ फर्जी सिम कार्ड, दो एटीएम कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को KYC अपडेट और एटीएम कार्ड ब्लॉक होने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करते थे।

गुप्त सूचना पर गठित हुई विशेष टीम

पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव में छापेमारी कर बिक्रम दाँ को साइबर ठगी करते हुए गिरफ्तार किया। इसके बाद मिहिजाम थाना क्षेत्र के बेवा गांव के समीप जंगल में कार्रवाई कर जय कुमार दास और हेमंत दास को भी दबोच लिया।

KYC अपडेट के नाम पर लोगों को बनाते थे शिकार

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बिक्रम दाँ खुद को बैंक ऑफ इंडिया का अधिकारी बताकर लोगों को फोन करता था। वह एटीएम कार्ड ब्लॉक होने और KYC अपडेट कराने का बहाना बनाकर बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल करता था। वहीं जय कुमार दास और हेमंत दास अमेजन पे के माध्यम से मोबाइल नंबर जुटाकर लोगों को फर्जी कॉल करते थे और ई-वॉलेट के जरिए उनके खातों से रकम उड़ा लेते थे। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी अन्य साथियों को बैंक खाते और एटीएम कार्ड भी उपलब्ध कराते थे।

कई राज्यों तक फैला है गिरोह का नेटवर्क

इस मामले में जामताड़ा साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 48/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS-2023), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे साइबर नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।