देवघर | 31 जुलाई 2026

सावन माह के पहले दिन झारखंड के देवघर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथधाम में शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बुधवार देर रात से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई थी, जो गुरुवार सुबह करीब तीन किलोमीटर से अधिक लंबी हो गई। बैद्यनाथधाम मंदिर परिसर और आसपास का पूरा क्षेत्र 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज उठा।

अर्घा सिस्टम से कराया गया जलाभिषेक

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने अर्घा सिस्टम लागू किया। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की मौजूदगी में अर्घा व्यवस्था शुरू कराई गई, जिसके माध्यम से शिवभक्तों ने कतारबद्ध तरीके से बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। उधर, प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के सुरक्षित और सुगम दर्शन और जलार्पण की सुविधा मिल रही है।

मेला व्यवस्था और सुरक्षा का लिया जायजा

श्रावणी मेले के पहले दिन उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने बाबा मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र और आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इन दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ नियंत्रण और सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार करने का निर्देश भी दिया।

कंट्रोल रूम से हुई लाइव मॉनिटरिंग

उपायुक्त ने बाबा मंदिर स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से गर्भगृह, प्रवेश और निकास द्वार सहित संवेदनशील स्थानों की लाइव मॉनिटरिंग की। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें।

देशभर से पहुंचे श्रद्धालु

श्रावणी मेले के पहले दिन बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में कांवरिए और श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथधाम पहुंचे। जिला प्रशासन का दावा है कि पूरे मेले के दौरान सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, ट्रैफिक और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।