जमशेदपुर | 13 अगस्त 2026
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र की भाटिया बस्ती में 24 वर्षीय युवक सुशील कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव उसके किराए के कमरे में पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
बिहार के औरंगाबाद का रहने वाला था युवक
पुलिस के अनुसार सुशील कुमार मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से कदमा की भाटिया बस्ती में किराए के मकान में रह रहा था। बताया गया है कि करीब एक महीने पहले ही उसने कपाली के डोबो स्थित एक शराब दुकान में काम शुरू किया था।
काम पर नहीं पहुंचा तो कमरे पर पहुंचे परिचित
जानकारी के मुताबिक सुशील बुधवार रात शराब दुकान में काम करने के बाद अपने कमरे पर लौट आया था। गुरुवार सुबह वह काफी देर तक काम पर नहीं पहुंचा तो दुकान के कर्मचारियों और परिचितों को चिंता हुई। इसके बाद कुछ लोग उसे देखने के लिए भाटिया बस्ती स्थित उसके कमरे पर पहुंचे।
कमरे के अंदर सुशील का शव पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला। इसके बाद तुरंत कदमा थाना पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल की जांच के साथ पुलिस आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल सुशील ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों से पूछताछ और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




