रांची, 17 अगस्त। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के मुद्दे पर अब राजनीतिक सक्रियता भी तेज हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर आंदोलनरत छात्रों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया है। 14 अगस्त को लिखे पत्र में उन्होंने मुख्यमंत्री से छात्रों के प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करने की अपील की है।

छात्रों के आंदोलन को राहुल गांधी का समर्थन

राहुल गांधी ने अपने पत्र में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों को अपनी समस्याएं और मांगें शांतिपूर्ण तरीके से रखने का अधिकार है। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ देशभर में चल रहे छात्र आंदोलनों का भी उल्लेख किया।

झारखंड के छात्रों की मांगों को बताया जायज

राहुल गांधी ने कहा कि झारखंड में भी छात्र भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने आंदोलन को शांतिपूर्ण बताते हुए छात्रों की मांगों को जायज बताया। पत्र में उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने छात्रों के साथ बातचीत शुरू की है और मुख्यमंत्री की ओर से एक समिति गठित किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

कई मुद्दों पर बनी सहमति, फिर भी जारी है आंदोलन

पत्र के मुताबिक, छात्रों की कई मांगों पर सरकार और आंदोलनकारियों के बीच सहमति बनने की बात कही गई है। इसके बावजूद आंदोलन जारी है और कुछ छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। राहुल गांधी ने लंबित मांगों पर जल्द समाधान निकालने की जरूरत बताई।

CM से व्यक्तिगत मुलाकात की अपील

राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया कि वे आंदोलनरत छात्रों के प्रतिनिधियों से स्वयं मुलाकात करें। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री की सीधी बातचीत से सरकार और छात्रों के बीच भरोसा बढ़ेगा तथा लंबित मुद्दों के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल हो सकती है।

उन्होंने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उचित कार्रवाई करने की अपील की है।