रांची, 17 अगस्त 2026 : झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहा छात्रों का आंदोलन अब बातचीत के दौर में पहुंच गया है। आंदोलन के बीच झारखंड सरकार ने प्रदर्शनकारी छात्रों से वार्ता की पहल की है। JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच का 10 सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल सोमवार को सरकार के प्रतिनिधियों से बातचीत करेगा। यह वार्ता दोपहर 2:30 बजे राजधानी रांची के राजकीय अतिथिशाला में प्रस्तावित है। इस बैठक में भर्ती परीक्षाओं से जुड़े विवाद और छात्रों की विभिन्न मांगों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

सरकार ने छात्रों को बातचीत के लिए बुलाया

JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए। आंदोलन के बढ़ते दबाव के बीच सरकार ने सोमवार, 17 अगस्त को छात्र प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए बुलाया है। अब सभी की नजर इस बैठक के नतीजे पर है।

2:30 बजे होगी अहम वार्ता

JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच की ओर से सरकार से बातचीत के लिए 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल तैयार किया गया है। यह टीम राजकीय अतिथिशाला में सरकार के प्रतिनिधियों के सामने छात्रों की मांगें रखेगी। बैठक में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, परीक्षा प्रक्रिया में सुधार और अभ्यर्थियों से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

ये 10 छात्र करेंगे सरकार से बातचीत

राज्य सरकार के साथ राजधानी रांची में होने वाली वार्ता में JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच की ओर से ये 10 सदस्य शामिल होंगे :

  1. रविंद्र पासवान
  2. पीयूष कुमार सिंह
  3. रविंद्र कुमार रवि
  4. कार्तिक सोरेन
  5. राजेश प्रसाद
  6. उमेश प्रसाद
  7. शशांक कुमार
  8. अंकित कुमार
  9. आनंद कुमार
  10. शालू कुमारी,

20 अगस्त को CM आवास घेराव का ऐलान

इससे पहले स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रांची में तिरंगा यात्रा निकालने के बाद JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करने का ऐलान किया था। मगर अब सरकार की ओर से बातचीत की पहल के बाद आंदोलन की दिशा पर भी सबकी नजर है। यदि वार्ता में छात्रों की मांगों पर सहमति बनती है, तो आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति बदल सकती है और छात्रों की मांग भी पूरी हो जाएगी।

छात्रों की मांगों पर टिकी नजर

JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं से जुड़े विवाद को लेकर छात्र लगातार परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुधार की मांग कर रहे हैं। आज होने वाली वार्ता को इसी वजह से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक के दौरान सरकार छात्रों की मांगों पर क्या आश्वासन देती है और प्रतिनिधिमंडल की ओर से क्या प्रस्ताव रखा जाता है, यह आगे की रणनीति तय करने में अहम हो सकता है।

क्या बातचीत से निकलेगा समाधान ?

लंबे समय से जारी छात्र आंदोलन के बीच सरकार और अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों के बीच होने वाली यह वार्ता समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकती है। हालांकि, आंदोलन खत्म होगा या आगे भी जारी रहेगा, यह बातचीत के नतीजे और सरकार की ओर से दिए जाने वाले आश्वासन पर निर्भर करेगा।