रांची | 29 जुलाई 2026

रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत आज, 29 जुलाई, इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि है। इस बीच निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय तक भरा हुआ और हस्ताक्षरित फॉर्म जमा नहीं करने वाले मतदाताओं का नाम 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा। चुनाव आयोग ने सभी पात्र मतदाताओं से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द फॉर्म जमा करने की अपील की है।

2.64 करोड़ से अधिक मतदाताओं तक पहुंचे फॉर्म

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, झारखंड में वर्ष 2026 की मतदाता सूची के आधार पर कुल 2,64,63,236 मतदाता हैं। इनमें से 2,64,61,801 मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं। अब तक 2,63,76,457 फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। वहीं, 2,20,20,994 मतदाताओं के भरे हुए और हस्ताक्षरित फॉर्म डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज किए जा चुके हैं। इन्हीं मतदाताओं के नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।

43.55 लाख फॉर्म अब भी नहीं हुए जमा

निर्वाचन आयोग के अनुसार, अभी भी 43,55,463 इन्यूमरेशन फॉर्म वापस प्राप्त नहीं हुए हैं। इनमें—

  • 7,61,755 मृत मतदाताओं के नाम,
  • 14,59,029 ऐसे मतदाता जिनका पता नहीं चल पाया या जो अनुपस्थित मिले,
  • 15,87,496 मतदाता जो स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं,
  • 4,34,541 मतदाता जो अन्य स्थानों पर पहले से पंजीकृत पाए गए,
  • और 1,12,642 ऐसे मतदाता शामिल हैं जिन्होंने इन्यूमरेशन फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया है।

31 विधानसभा क्षेत्रों में पूरा हुआ डिजिटाइजेशन

निर्वाचन आयोग ने बताया कि राज्य के 31 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में इन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरी तरह पूरा हो चुका है। शेष 50 विधानसभा क्षेत्रों में यह प्रक्रिया अंतिम चरण में है और तेजी से कार्य किया जा रहा है। और उम्मीद है कि जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

बीएलओ के पास आज ही जमा करें फॉर्म

इस बीच निर्वाचन आयोग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि जिन्होंने अब तक अपना हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं किया है, वे आज 29 जुलाई तक अपने संबंधित बीएलओ (Booth Level Officer) के पास फॉर्म अवश्य जमा कर दें। समय सीमा के भीतर फॉर्म जमा करने पर ही उनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।