जामताड़ा, 13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जामताड़ा के गांधी मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न हुआ। 10 अगस्त से चल रहे परेड पूर्वाभ्यास के अंतिम दिन उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह में होने वाली विभिन्न गतिविधियों का निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पूर्वाभ्यास किया गया।

महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण का अभ्यास

फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने शहर के विभिन्न महापुरुषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करने की प्रक्रिया का पूर्वाभ्यास किया। इसके बाद दोनों अधिकारी गांधी मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद बेदी पर पुष्प अर्पित किया। सलामी मंच पर पहुंचकर परेड की सलामी ली और निरीक्षण वाहन पर सवार होकर परेड में शामिल टुकड़ियों का जायजा लिया।

राष्ट्रध्वज फहराने की प्रक्रिया का भी हुआ पूर्वाभ्यास

गृह मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राष्ट्रगीत के बाद उपायुक्त आलोक कुमार ने राष्ट्रध्वज फहराने और तिरंगे को सलामी देने का अभ्यास किया। रिहर्सल के बाद उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और लोगों से राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की।

गांधी मैदान की व्यवस्थाओं को लेकर दिए जरूरी निर्देश

उपायुक्त ने गांधी मैदान की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, सजावट, पेयजल, मेडिकल सुविधा, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, वीआईपी प्रोटोकॉल और साउंड सिस्टम सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने मैदान में आवारा पशुओं के प्रवेश को रोकने के लिए कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने को भी कहा।

एसपी ने परेड टुकड़ियों को किया ब्रीफ

पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने सार्जेंट मेजर और प्लाटून कमांडरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रध्वज फहराने से पहले राष्ट्रगीत गायन को लेकर विशेष ब्रीफिंग की। एसपी ने किसी भी प्रकार की चूक की संभावना को दूर करने के लिए दोबारा रिहर्सल कराने का निर्देश भी दिया।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी फहराएंगे तिरंगा

जामताड़ा के गांधी मैदान में आयोजित मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रध्वज फहराएंगे।

फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, एसडीओ अनंत कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, डीएसपी नीलम कुजूर, एसडीपीओ जामताड़ा, प्रभारी नजारत उपसमाहर्ता विकेश कुणाल प्रजापति, अंचल अधिकारी अविश्वर मुर्मू, कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत, नगर थाना प्रभारी सहित कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।