गिरिडीह में कांवरियों से भरी गाड़ी पुलिया के नीचे पलटी, 9 लोग गंभीर घायल
गिरिडीह, 18 अगस्त। देवघर के बाबाधाम में जलाभिषेक कर बिहार लौट रहे कांवरियों से भरी एक गाड़ी मंगलवार सुबह तिसरी थाना क्षेत्र के मचनियाटांड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पुलिया के नीचे पलट गई। हादसे में वाहन चालक समेत नौ कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही तिसरी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे पलटी गाड़ी
जानकारी के अनुसार, कांवरियों से भरी गाड़ी देवघर से जलाभिषेक के बाद बिहार की ओर लौट रही थी। इसी दौरान मचनियाटांड़ के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पुलिया के नीचे जाकर पलट गया। हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद शुरू की।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की जानकारी मिलते ही तिसरी थाना के एएसआई मूसा समेत पुलिसकर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस वैन से ही सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिसरी पहुंचाया। वहां डॉ. जैनेन्द्र और स्वास्थ्यकर्मी चंदन ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया।
स्थानीय लोगों ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
घटना के समय मॉर्निंग वॉक कर रहे स्थानीय समाजसेवी अफताब अंसारी, जयप्रकाश यादव, आशिक अंसारी और नाजिम खान समेत अन्य लोग भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों की मदद की और इलाज की प्रक्रिया में सहयोग किया।
सभी घायलों को हायर सेंटर किया गया रेफर
घायलों में मंटू कुमार, प्रतिमा देवी, मीरा देवी, चुन्नू कुमार, लालती देवी, सुमन राज, चिंता देवी, पियूष कुमार और गौतम कुमार शामिल हैं। सभी बिहार के नवादा और राजगीर जिले के रहने वाले बताए गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है।




