जमशेदपुर, 16 अगस्त। गालुडीह थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 11 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में मोटरसाइकिल सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा एक ग्लैमर मोटरसाइकिल और हेलमेट भी बरामद किया गया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ओडिशा से मोटरसाइकिल के जरिए गांजा लेकर गालुडीह के रास्ते जमशेदपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई।
कैनाल रोड पर पकड़े गए तीनों आरोपी
पुलिस टीम ने गालुडीह बराज के समीप कैनाल रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान ग्लैमर मोटरसाइकिल से जा रहे तीन संदिग्धों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से करीब 11 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश कुमार सिंह (43), श्याम नाथ राय (38) और बाबुलाल यादव (50) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों जमशेदपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से अवैध गांजा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिली है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
गालुडीह थाना कांड संख्या 17/2026, दिनांक 15 अगस्त 2026 के तहत धारा 111(4) BNS एवं 20(b)(ii)(B)/22/29 NDPS Act, 1985 में मामला दर्ज किया गया है। बरामद सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।




