जमशेदपुर, 13 अगस्त। साकची स्थित एटक कार्यालय में ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) के लीगल सेल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता लीगल सेल के जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता दिलीप महतो ने की। बैठक में संगठन को मजबूत करने के साथ शहर से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान टाटा लीज रिन्यूअल और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
टाटा लीज रिन्यूअल को लेकर चर्चा
बैठक में लीगल सेल के सदस्यों ने टाटा लीज रिन्यूअल से जुड़ी कानूनी स्थिति पर विचार-विमर्श किया। सदस्यों ने कहा कि उनके अनुसार टाटा का लीज 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो चुका है और इसके बाद जमीन के स्वामित्व को लेकर नई कानूनी स्थिति उत्पन्न हुई है। इस मुद्दे पर आगे कानूनी पहल किए जाने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर जताई चिंता
लीगल सेल के सदस्यों ने शहर में अतिक्रमण हटाने के नाम पर की जा रही कार्रवाई को लेकर चिंता जताई। संगठन का आरोप है कि शहर में दशकों से रह रहे लोगों के घरों को पर्याप्त कानूनी नोटिस और प्रक्रिया का पालन किए बिना हटाया जा रहा है। सदस्यों ने कहा कि कार्रवाई से प्रभावित परिवारों के सामने आवास और पुनर्वास की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है।
बारिश के मौसम में बेदखली पर विरोध
बैठक में बारिश के मौसम के दौरान लोगों को उनके घरों से बेदखल किए जाने को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। एटक लीगल सेल ने आरोप लगाया कि ऐसी कार्रवाई में जिला पुलिस-प्रशासन का सहयोग भी मिल रहा है। संगठन ने इसे जनहित से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए कार्रवाई का विरोध करने का निर्णय लिया।
उपायुक्त को सौंपा जाएगा ज्ञापन
लीगल सेल के पदाधिकारियों ने बताया कि इस मामले को लेकर जल्द ही उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से उचित कानूनी प्रक्रिया और नोटिस के बिना लोगों को बेघर करने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की जाएगी। प्रभावित परिवारों को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी।
जरूरतमंदों को निःशुल्क कानूनी सहायता
बैठक में आर्थिक रूप से कमजोर ग्रामीणों और अन्य जरूरतमंद लोगों को चिन्हित कर उन्हें निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। इसके लिए लीगल सेल का विस्तार करने और अधिक अधिवक्ताओं को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया गया।
बैठक में उपाध्यक्ष शशि भूषण कुमार, सचिव गिरीश कुमार सिंह, एटक के राज्य सचिव अम्बुज कुमार ठाकुर, धनंजय शुक्ला, हीरा अरकने, मुकेश रजक और रंजन यादव समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।




