धनबाद | 31 जुलाई

देश की अर्थव्यवस्था में सबसे बड़ा योगदान देने वाले सेवा क्षेत्र के आंकड़ों को अधिक सटीक, विश्वसनीय और समयबद्ध बनाने की दिशा में राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) ने शुक्रवार को धनबाद में हितधारक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला का उद्देश्य निगमित सेवा क्षेत्र के उद्यमों को Annual Survey of Incorporated Sector Service Enterprises (ASISSE-2026) की प्रक्रिया, उद्देश्य और महत्व से अवगत कराना तथा समय पर गुणवत्तापूर्ण आंकड़े उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करना था।

होटल सोनोटेल में हुआ कार्यक्रम

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्र संकार्य प्रभाग), उप क्षेत्रीय कार्यालय धनबाद द्वारा होटल सोनोटेल में आयोजित इस कार्यशाला का उद्घाटन उप महानिदेशक कुमार सुंदरम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर सहायक निदेशक जय प्रकाश साह, नयन दीप गुप्ता सहित विभागीय अधिकारी एवं निगमित सेवा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न उद्यमों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सेवा क्षेत्र का विश्वसनीय डेटा जुटाने पर जोर

स्वागत संबोधन में नयन दीप गुप्ता ने बताया कि ASISSE-2026 का उद्देश्य सेवा क्षेत्र से जुड़े निगमित उद्यमों का नियमित और विश्वसनीय डेटा एकत्र करना है। उन्होंने कहा कि इस सर्वेक्षण की सफलता सभी उद्यमों की सक्रिय भागीदारी और समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराने पर निर्भर करती है।

जीडीपी में 50 प्रतिशत से अधिक योगदान

उप महानिदेशक कुमार सुंदरम ने कहा कि भारत की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में सेवा क्षेत्र का योगदान 50 प्रतिशत से अधिक है, इसलिए इसे भारतीय अर्थव्यवस्था का "ग्रोथ इंजन" माना जाता है। उन्होंने बताया कि पहले सेवा क्षेत्र का व्यवस्थित डेटा उपलब्ध नहीं हो पाता था, लेकिन अब भारत सरकार ASISSE के माध्यम से हर वर्ष सर्वेक्षण कर रही है, जिससे नीति निर्माण के लिए सटीक और समयबद्ध आंकड़े उपलब्ध होंगे।

उद्यमों से समय पर डेटा देने की अपील

कार्यशाला के दौरान निगमित सेवा क्षेत्र के सभी उद्यमों से निर्धारित समय सीमा के भीतर सही और गुणवत्तापूर्ण डेटा उपलब्ध कराने की अपील की गई। उपस्थित प्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे डेटा संग्रह की प्रक्रिया अधिक प्रभावी होगी और देश की आर्थिक योजनाओं एवं नीतियों को मजबूत आधार मिलेगा।