देवघर, 16 अगस्त। श्रावण मास की तीसरी सोमवारी को लेकर रविवार को देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे कांवड़ियों और भक्तों के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आया। बोल बम और हर-हर महादेव के उद्घोष से बाबा बैद्यनाथ धाम गूंजता रहा।
पांच से छह घंटे कतार में इंतजार करते दिखे श्रद्धालु
तीसरी सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिला। बाबा का जलार्पण करने के लिए भक्त लंबी कतारों में खड़े रहे। कई श्रद्धालुओं को अपनी बारी के लिए करीब पांच से छह घंटे तक इंतजार करना पड़ा। लंबा इंतजार होने के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा धाम
मंदिर परिसर और रूट लाइन में लगातार बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारे सुनाई देते रहे। श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण करने को लेकर उत्साहित नजर आए। कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन अलर्ट
बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। देवघर उपायुक्त के निर्देश पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर और रूट लाइन में पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षाकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने में जुटे हैं।
सुलभ जलार्पण पर प्रशासन की नजर
प्रशासन की कोशिश है कि श्रद्धालुओं को जलार्पण के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। भीड़ प्रबंधन के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि भक्त बाबा का दर्शन और जलार्पण कर सकुशल अपने गंतव्य की ओर लौट सकें।
( देवघर से संवाददाता बबलू साह की रिपोर्ट। )




