जमशेदपुर, 24 अगस्त। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग स्थित गोल्डेन ज्वेलरी नामक बंद दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 1.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण, दो वेट मशीन और चोरी में इस्तेमाल किए गए उपकरण बरामद किए हैं। सिटी एसपी ललित मीणा ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि चोरी की घटना 20 अगस्त को हुई थी।

शटर तोड़कर लाखों के चांदी के गहने चोरी

पुलिस के अनुसार 20 अगस्त को अज्ञात चोरों ने गोल्डेन ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। चोर करीब 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के चांदी के गहने और वेट मशीन लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद बागबेड़ा थाना में मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू की।

विशेष टीम ने तकनीकी जांच से पकड़े आरोपी

वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी शाखा की मदद से संदिग्धों तक पहुंच बनाई। इसके बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

दोनों आरोपियों की हुई पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपीनाथ मुंडा उर्फ बुलेट (38), निवासी गाराबासा और श्रीमंतो गोप उर्फ सुमंतो (55), वर्तमान निवासी गाराबासा गुदरी मार्केट के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर चोरी की वारदात और संभावित अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

1.5 किलो चांदी के सामान की बड़ी बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 36 चांदी के लॉकेट, 134 अंगूठियां, 6 मंगलसूत्र, 11 पान पत्ता, 9 पायल, 15 मोती की मालाएं, 3 चांदी की चेन, 13 राखियां और 2 चांदी के सिक्के बरामद किए। इसके अलावा 1 बाजूबंद, 4 जोड़ी कान के टॉप्स, 4 चांदी की गदा, कान्हा की चांदी की बांसुरी, लक्ष्मी-गणेश की 6 मूर्तियां, 4 शंखा-पोला और 2 जोड़ी कड़े समेत अन्य चांदी के सामान भी मिले हैं।

चोरी में इस्तेमाल औजार भी बरामद

पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बोल्ट कटर और लोहे का सब्बल भी बरामद किया है। दोनों वेट मशीन भी पुलिस के कब्जे में ले ली गई हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में शामिल अन्य संभावित लोगों की पहचान और भूमिका की जांच कर रही है।