वॉशिंगटन डीसी, 7 नवंबर 2026 : अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास हथियारों के साथ एक वेनेजुएलाई युवक को गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के मुताबिक, 26 वर्षीय युवक के पास से तीन बंदूकें और कई कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी की पहचान रोनी योरड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस (Ronny Yordrix Guanipa Chrinos) के रूप में हुई है। अधिकारियों का दावा है कि पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि उसके सिर में आवाजें आती हैं, जो उसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को मारने के लिए कहती हैं। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने गुरुवार रात कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर खड़ी एक नीली फोर्ड F-150 में युवक को संदिग्ध हालत में देखा था। जांच के दौरान पता चला कि वाहन चोरी का था और उसमें हथियार रखे हुए थे। DHS के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हथियार रखने, चोरी की गाड़ी इस्तेमाल करने और चोरी की संपत्ति रखने समेत कई आरोप लगाए गए हैं।

2024 में अमेरिका में अवैध तरीके से दाखिल हुआ था युवक

DHS के मुताबिक, 26 वर्षीय क्रिनोस मार्च 2024 में टेक्सास के रास्ते अवैध रूप से अमेरिका में दाखिल हुआ था। गुरुवार रात करीब 11:42 बजे सीक्रेट सर्विस के अधिकारी व्हाइट हाउस के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे खड़ी नीली फोर्ड F-150 पर पड़ी। कार में युवक अकेला सो रहा था। अधिकारियों ने पहले उसकी सुरक्षा और तबीयत के बारे में जानने के लिए उससे पूछताछ की। युवक अंग्रेजी नहीं बोल पा रहा था, इसलिए उसने गूगल ट्रांसलेट की मदद से अधिकारियों को बताया कि उसके पास हथियार हैं। इसके बाद अधिकारियों ने कार की तलाशी ली। जांच में पता चला कि गाड़ी चोरी की थी।

युवक ने कहा- कुछ लोग मुझे मारना चाहते थे

अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान क्रिनोस ने दावा किया कि कुछ लोगों ने उसे मारने की कोशिश की थी। उसने बताया कि उसने उन लोगों से एक बंदूक छीन ली थी, जिसे कार में रखे भूरे रंग के बैग में रखा था। उसने यह भी कहा कि करीब एक महीने पहले उसने कुछ हथियार खरीदे थे। वह चोरी की बताई गई कार में रह रहा था और अपने पास मौजूद हथियार सरकार को सौंपना चाहता था।तलाशी के दौरान अधिकारियों को कार से तीन हथियार मिले। इनमें AR-15 स्टाइल राइफल, MAC-10 हैंडगन और Glock 43X पिस्टल शामिल हैं। इसके अलावा कई कारतूस भी बरामद किए गए।

युवक पर हथियार रखने और चोरी के कई आरोप

क्रिनोस के खिलाफ अमेरिका में कई आपराधिक आरोप लगाए गए हैं। इनमें बिना कानूनी अनुमति हथियारों को रखना और एक जगह से दूसरी जगह ले जाना शामिल है। इसके अलावा उस पर बिना रजिस्ट्रेशन के हथियार और कारतूस रखने, बिना लाइसेंस पिस्टल रखने, चोरी की गाड़ी इस्तेमाल करने और चोरी की संपत्ति अपने पास रखने के आरोप भी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को अमेरिकी मार्शल्स की हिरासत में रखा गया है। मामले में उसे सोमवार को फेडरल कोर्ट में पेश किया जाना है।

ट्रम्प पर पहले भी हो चुके हैं जानलेवा हमले

डोनाल्ड ट्रम्प पर पिछले कुछ वर्षों में कई बार जानलेवा हमले की कोशिशें हुई हैं। इनमें 2024 के दो चर्चित मामले और अप्रैल 2026 में वॉशिंगटन डीसी में हुई गोलीबारी की घटना शामिल है।

पहला हमला : 13 जुलाई 2024, पेंसिल्वेनिया

13 जुलाई 2024 को पेंसिल्वेनिया के बटलर में चुनावी रैली के दौरान थॉमस मैथ्यू क्रूक्स ने ट्रम्प पर गोली चलाई थी। गोली ट्रम्प के दाहिने कान को छूकर निकल गई थी। हमले में रैली में मौजूद एक व्यक्ति की मौत हुई और दो लोग घायल हुए। सीक्रेट सर्विस के स्नाइपर ने हमलावर को मार गिराया।

दूसरा हमला : 15 सितंबर 2024, फ्लोरिडा

15 सितंबर 2024 को फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच स्थित ट्रम्प के गोल्फ क्लब में रयान वेस्ली रॉथ को राइफल के साथ देखा गया था। सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने संदिग्ध को देखकर गोली चलाई। इसके बाद वह मौके से भाग गया, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सितंबर 2025 में अदालत ने उसे ट्रम्प की हत्या की कोशिश के मामले में दोषी ठहराया।

तीसरी घटना : 25 अप्रैल 2026, वॉशिंगटन डीसी

25 अप्रैल 2026 को ट्रम्प व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में शामिल होने वॉशिंगटन हिल्टन होटल पहुंचे थे। इसी दौरान कोल टॉमस एलन नाम का आरोपी हथियार लेकर सुरक्षा जांच वाले इलाके में घुस गया। उसने सुरक्षाकर्मियों पर गोली चलाई, जिसमें सीक्रेट सर्विस का एक अधिकारी घायल हो गया। बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण अधिकारी की जान बच गई। सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस बीच अमेरिकी न्याय विभाग ने आरोपी पर राष्ट्रपति की हत्या की कोशिश का आरोप लगाया।