अबू धाबी, 28 अक्टूबर 2026 : यूएई ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को विमान में हमले के दौरान यात्रियों की जान बचाने और साहस दिखाने के लिए प्रतिष्ठित ‘जायद II– फर्स्ट क्लास’ सम्मान से नवाजा है। इस सम्मान समारोह के दौरान UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कैप्टन मच्छर को गले लगाकर उनकी बहादुरी की जमकर सराहना की। दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान ने भी उनकी तारीफ करते हुए उन्हें UAE की पहचान का हिस्सा बताया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में को-पायलट ने कॉकपिट के अंदर कैप्टन मच्छर पर हमला कर दिया था। आरोप है कि हमलावर ने विमान को इजराइल में क्रैश कराने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन ने स्थिति को संभालने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई।

राष्ट्रपति ने क्रू सदस्यों को भी किया सम्मानित

सम्मान समारोह में UAE के राष्ट्रपति के अलावा उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। विमान के अन्य क्रू सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।UAE के नेताओं ने मुश्किल हालात में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और जिम्मेदारी के साथ काम करने के लिए कैप्टन मच्छर तथा पूरी टीम की सराहना की। दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि कैप्टन मच्छर ने साहस, जिम्मेदारी और इंसानी जिंदगी के प्रति संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि UAE को गर्व है कि कैप्टन मच्छर उसकी टीम, देश की कहानी और राष्ट्रीय पहचान का हिस्सा हैं।

को-पायलट ने कॉकपिट में कुल्हाड़ी से किया हमला

रिपोर्ट्स के अनुसार, 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान को-पायलट ने कॉकपिट में मौजूद इमरजेंसी कुल्हाड़ी से कैप्टन मच्छर पर हमला कर दिया। कैप्टन के सिर पर कई वार किए गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के दौरान कैप्टन ने विमान में हाईजैक जैसी आपात स्थिति का संकेत भेजा। इसके बाद उन्होंने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिससे विमान में मौजूद अन्य क्रू सदस्यों और यात्रियों को अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू करने का मौका मिला।

विमान की सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग

हमले के दौरान विमान की ऊंचाई करीब 17 हजार फीट तक कम हो गई थी। हालात बिगड़ने पर विमान में मौजूद ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने नियंत्रण संभाला और विमान का मार्ग बदलकर सऊदी अरब के ताबुक शहर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि विमान में सवार सभी 180 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गंभीर रूप से घायल कैप्टन मच्छर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

कैप्टन मच्छर ने बताया, पहली चोट को हादसा समझा

UAE के सरकारी अखबार ‘द नेशनल’ को दिए इंटरव्यू में कैप्टन मच्छर ने हमले के शुरुआती पलों के बारे में बताया था। उन्होंने कहा कि सिर पर पहली चोट लगने पर उन्हें लगा कि विमान का कोई हिस्सा टूटकर उनके सिर पर गिर गया है। उनके मुताबिक जब लगातार वार होने लगे, तब उन्हें एहसास हुआ कि उन पर किसी दूसरे व्यक्ति ने हमला किया है। कैप्टन ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले सीट बेल्ट खोलकर खुद को छुड़ाने की कोशिश की और फिर वार से बचने का प्रयास किया। चोटों के कारण उन्हें ठीक से दिखाई देना भी मुश्किल हो गया था।

आरोपी को-पायलट की पहचान हमाम अल-हमामी के रूप में

मीडिया रिपोर्ट्स में हमलावर को-पायलट की पहचान हमाम अल-हमामी के रूप में बताई गई है, जो ओमान का रहने वाला है। रिपोर्ट्स के अनुसार जांच में उसके कट्टरपंथी विचारों से प्रभावित होने के संकेत मिलने की बात सामने आई। यह भी बताया गया कि पूछताछ के दौरान उसने विमान को इजराइल में क्रैश कराने की मंशा जाहिर की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वर्ष 2024 में कथित कट्टरपंथी विचारों के कारण उसे ओमान की राष्ट्रीय एयरलाइन की पायलट ट्रेनिंग से हटा दिया गया था। बाद में उसे एयरलाइन में दूसरी जिम्मेदारी दी गई और करीब आठ महीने पहले वह फ्लाईदुबई से जुड़ा था।कैप्टन स्मित मच्छर को दिया गया सम्मान विमान में सवार यात्रियों की सुरक्षा के लिए उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा को मिली अंतरराष्ट्रीय मान्यता के रूप में देखा जा रहा है।