ढाका, 12 नवंबर 2026 : ढाका की झुग्गी-बस्तियों में 150 से ज्यादा चीनी कंटेंट क्रिएटर्स वीडियो और लाइवस्ट्रीमिंग कर रहे हैं। आरोप है कि इनमें से कई लोग बांग्लादेश के गरीब इलाकों को भारत की राजधानी दिल्ली बताकर पेश कर रहे हैं और भारतीयों की छवि खराब करने वाली टिप्पणियां कर रहे हैं। आखिर इसके पीछे क्या वजह है और क्या इस मामले का चीन से कोई कनेक्शन है ? इस तरह बांग्लादेश की राजधानी ढाका में इन दिनों एक अजीबोगरीब गतिविधि देखने को मिल रही है। यहां की गरीब बस्तियों और झुग्गी-झोपड़ियों में बड़ी संख्या में चीनी युवक-युवतियां मोबाइल फोन लेकर घूम रहे हैं। ये लोग सुबह से लेकर देर रात तक वीडियो रिकॉर्ड करने और सोशल मीडिया पर लाइवस्ट्रीमिंग करने में जुटे रहते हैं। हैरानी की बात यह है कि कुछ चीनी कंटेंट क्रिएटर्स इन बस्तियों को बांग्लादेश के बजाय भारत की राजधानी दिल्ली बताकर दिखा रहे हैं। इतना ही नहीं, वीडियो में भारतीयों के रहन-सहन, खानपान और साफ-सफाई को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की जा रही हैं। बांग्लादेश के अखबार प्रथम आलो की रिपोर्ट के मुताबिक, ढाका के उत्तरा इलाके में ऐसे 150 से अधिक चीनी व्लॉगर्स सक्रिय हैं। यह मामला सिर्फ सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि और चीन-बांग्लादेश के संबंधों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। आइए समझते हैं कि पूरा मामला क्या है और इन वीडियो के पीछे संभावित वजहें क्या हो सकती हैं।

1. ढाका की झुग्गियों में क्या कर रहे हैं 150 से ज्यादा चीनी व्लॉगर्स?

ढाका के उत्तरा इलाके के सेक्टर-12 और टेकपारा में गरीब आबादी की घनी बस्तियां हैं। यहां बुनियादी सुविधाओं की कमी है और कई जगहों पर साफ-सफाई की स्थिति भी खराब है। रिपोर्ट के मुताबिक, इन्हीं इलाकों में बड़ी संख्या में चीनी युवक-युवतियां लगातार वीडियो बना रहे हैं। इनके मोबाइल फोन के पीछे विशेष कूलिंग फैन भी लगे होते हैं, ताकि लंबे समय तक लाइवस्ट्रीमिंग करने पर फोन गर्म न हो।स्थानीय निवासी अकरम हुसैन के मुताबिक, ये लोग सुबह बस्ती के लोगों के जागने से पहले ही लाइवस्ट्रीमिंग शुरू कर देते हैं और रात तक वीडियो बनाते रहते हैं। इनका कैमरा अक्सर छोटी दुकानों, गलियों, घरों और वहां रहने वाले लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर केंद्रित रहता है। सबसे गंभीर आरोप यह है कि कुछ चीनी व्लॉगर्स स्थानीय लोगों की अनुमति के बिना उनके घरों में दाखिल हो जाते हैं और वीडियो रिकॉर्ड करने लगते हैं। स्थानीय एक महिला ने बताया कि कई बार ये लोग घर के अंदर बिना अनुमति के रिकॉर्डिंग शुरू कर देते हैं। वहीं दूसरी महिला के मुताबिक कुछ लोग बाथरूम में घुस जाते हैं। विरोध करने पर वे भाषा नहीं समझने का बहाना बनाकर माफी मांगते हैं और वहां से चले जाते हैं।

2. आखिर इन वीडियो को कहां अपलोड किया जा रहा है ?

रिपोर्ट के अनुसार, इन चीनी कंटेंट क्रिएटर्स में से कुछ वीचैट और डॉयिन जैसे चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइवस्ट्रीमिंग करते हैं। बांग्लादेशी महिला रितु अख्तर ने बताया कि वह और कई अन्य महिलाएं इन चीनी व्लॉगर्स के लिए स्थानीय गाइड का काम करती हैं। इसके बदले उन्हें रोजाना करीब 700 से 800 बांग्लादेशी टका मिलते हैं। रितु ने फैंगयू नाम के एक चीनी व्लॉगर से भी बातचीत कराई। गूगल ट्रांसलेट के जरिए हुई बातचीत में फैंगयू ने बताया कि वह वीचैट पर प्रोडक्ट प्रमोशन से जुड़ी गतिविधियों के लिए लाइवस्ट्रीमिंग करता है। हालांकि, उसने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह गरीब बस्तियों में लगातार वीडियो क्यों बना रहा है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि कुछ वीडियो की कमेंट्री में ढाका के इलाकों को दिल्ली बताकर पेश किया जाता है। इनमें भारत की गरीबी, गंदगी और कानून-व्यवस्था को लेकर नकारात्मक बातें कही जाती हैं।

3. बांग्लादेश को दिल्ली बताकर भारत की छवि क्यों खराब की जा रही है?

इस पूरे मामले का सबसे महत्वपूर्ण पहलू वीडियो में दिखाई जाने वाली जगहों की पहचान है। रिपोर्ट में कुछ ऐसे वीडियो और कमेंट्री का जिक्र किया गया है, जिनमें चीनी कंटेंट क्रिएटर्स बांग्लादेश की झुग्गियों को नई दिल्ली बताकर पेश करते हैं। एक चीनी महिला मियां मियां टेकपारा की बस्ती का वीडियो दिखाते हुए कहती है कि यह नई दिल्ली है। वह वहां के घरों, टीन की छतों और खराब बुनियादी सुविधाओं को लेकर टिप्पणी करती है। इसी तरह वांग वेई नाम का एक चीनी व्यक्ति चाय की दुकानों का वीडियो बनाते हुए दावा करता है कि भारतीय गाय के पेशाब से बनी चाय पीते हैं। हालांकि, सभी चीनी व्लॉगर्स अपने वीडियो में बांग्लादेश को भारत बताकर पेश नहीं करते। कुछ लोग बांग्लादेश की तारीफ करते हुए वहां चीनी उत्पादों के इस्तेमाल को भी दिखाते हैं। इससे यह सवाल उठता है कि क्या इन वीडियो का उद्देश्य केवल मनोरंजन और ऑनलाइन कमाई है या फिर इनके पीछे कोई व्यापक नैरेटिव बनाने की कोशिश भी हो सकती है ?

4. भारत के खिलाफ वीडियो बनाने के पीछे क्या हो सकती हैं दो वजहें ?

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के चीनी अध्ययन के प्रोफेसर श्रीकांत कोंडापल्ली ने इस तरह के कंटेंट को भारत व दक्षिण एशिया की नकारात्मक छवि बनाने की कोशिश से जोड़कर देखा है। उनके मुताबिक वीबो, वीचैट और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर भारत और दक्षिण एशिया के खिलाफ नकारात्मक वीडियो की संख्या बढ़ रही है। इस मामले के पीछे दो संभावित वजहें हो सकती हैं।

पहली वजह : भारत और दक्षिण एशिया के खिलाफ नकारात्मक नैरेटिव

ऐसे वीडियो नवंबर 2024 के आसपास से सोशल मीडिया पर सामने आने लगे थे। रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश के अलावा इंडोनेशिया और वियतनाम जैसे देशों में भी चीनी कंटेंट क्रिएटर्स इस तरह के वीडियो बनाते रहे हैं। इन वीडियो में गरीब बस्तियों, खराब बुनियादी सुविधाओं और स्थानीय जीवनशैली को इस तरह दिखाया जाता है कि दर्शकों के मन में देश की नकारात्मक तस्वीर बन सकती है। प्रोफेसर कोंडापल्ली इसे वैचारिक संघर्ष का हिस्सा मानते हैं। उनके मुताबिक, इस तरह के कंटेंट के जरिए भारत और दक्षिण एशिया की छवि को प्रभावित करने की कोशिश हो सकती है।

दूसरी वजह : चीनी सोशल मीडिया पर लोकप्रियता और कमाई

इसका दूसरा पहलू ऑनलाइन लोकप्रियता और आर्थिक फायदा है। प्रोफेसर कोंडापल्ली के मुताबिक, चीन में आर्थिक समृद्धि बढ़ने के साथ कुछ कंटेंट क्रिएटर्स दूसरे देशों में अलग तरह का और आकर्षक कंटेंट तलाश रहे हैं। भारत और दक्षिण एशिया की गरीबी, सामाजिक समस्याओं और जीवनशैली को चीन के मुकाबले दिखाकर वे अपने दर्शकों का ध्यान खींच सकते हैं। ऐसे वीडियो से उन्हें लाइक, व्यूज, सब्सक्राइबर और ऑनलाइन पहचान मिल सकती है। इस तरह नकारात्मक कंटेंट उनके लिए कमाई और लोकप्रियता का जरिया भी बन सकता है।

5. क्या इन वीडियो के पीछे चीन की सरकार का हाथ है ?

यह इस पूरे मामले का सबसे संवेदनशील सवाल है। फिलहाल ऐसा कोई ठोस सार्वजनिक प्रमाण सामने नहीं आया है, जिससे यह साबित हो कि इन वीडियो को चीन सरकार के निर्देश पर बनाया जा रहा है।प्रोफेसर श्रीकांत कोंडापल्ली के मुताबिक, इस तरह के कंटेंट को चीन की घरेलू राजनीति और देश को श्रेष्ठ दिखाने वाले नैरेटिव के संदर्भ में भी समझा जा सकता है। भारत में गरीबी कम होने और आर्थिक-सामाजिक बदलावों को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने आ रहे आंकड़े चीन की श्रेष्ठता के दावों के सामने एक अलग तस्वीर पेश करते हैं। ऐसे में कुछ चीनी कंटेंट क्रिएटर्स भारत की समस्याओं को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाकर अपने दर्शकों के सामने चीन और भारत की तुलना कर सकते हैं। हालांकि, इसे चीन सरकार की आधिकारिक रणनीति या प्रायोजित अभियान कहना फिलहाल जल्दबाजी होगी।

6. भारत सरकार ने इस मामले पर क्या कहा ?

भारत के विदेश मंत्रालय ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है। 10 नवंबर को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि किसी भी देश की विकृत तस्वीर पेश करने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विदेशी तत्व ढाका के कुछ हिस्सों को दिल्ली बताकर गलत नैरेटिव फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसी गतिविधियों से संबंधित लोगों और उनके पीछे मौजूद तत्वों की विश्वसनीयता कमजोर होती है। विदेश मंत्रालय ने संबंधित अधिकारियों के सामने इस मामले को उठाने और ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की अपील करने की बात भी कही।

7. क्या बांग्लादेश में इन चीनी व्लॉगर्स के खिलाफ कार्रवाई होगी ?

चूंकि ये गतिविधियां बांग्लादेश की सीमा के अंदर हो रही हैं, इसलिए संबंधित चीनी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई करना वहां के प्रशासन की जिम्मेदारी है। रिपोर्ट के मुताबिक, ढाका की स्थानीय पुलिस को भी इन चीनी नागरिकों की गतिविधियों की जानकारी है। हालांकि, भाषा की समस्या और पूछताछ के दौरान सहयोग नहीं मिलने के कारण पुलिस के लिए उनके काम का वास्तविक उद्देश्य समझना मुश्किल हुआ है। पुलिस अधिकारी खालिद मंसूर के मुताबिक, इस मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और इस पर काम चल रहा है। फिलहाल इन व्लॉगर्स के खिलाफ किसी बड़ी कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।

8. भारत-बांग्लादेश संबंधों और चीन की बढ़ती मौजूदगी से क्या है कनेक्शन?

इस पूरे विवाद को भारत, बांग्लादेश और चीन के बदलते रिश्तों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। शेख हसीना सरकार के सत्ता से बाहर होने के बाद भारत और बांग्लादेश के द्विपक्षीय संबंधों में तनाव देखने को मिला है। दूसरी तरफ, बांग्लादेश और चीन के बीच आर्थिक और रणनीतिक सहयोग बढ़ा है। तीस्ता नदी परियोजना और मोंगला पोर्ट जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट इस बदलते समीकरण का हिस्सा हैं। इन परियोजनाओं को लेकर भारत और चीन दोनों की रणनीतिक दिलचस्पी रही है। ऐसे में बांग्लादेश में चीनी नागरिकों की बढ़ती गतिविधियां और भारत की छवि को प्रभावित करने वाले वीडियो कई नए सवाल खड़े करते हैं। हालांकि, इन व्लॉगर्स की गतिविधियों और चीन की रणनीतिक परियोजनाओं के बीच सीधे संबंध का कोई प्रमाण फिलहाल सामने नहीं आया है।

सोशल मीडिया के जरिए भारत की छवि बिगाड़ने की कोशिश ?

ढाका की झुग्गियों में चीनी व्लॉगर्स की गतिविधियां केवल सोशल मीडिया कंटेंट का मामला नहीं रह गई हैं। बांग्लादेश के इलाकों को दिल्ली बताकर दिखाने और भारतीयों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप इस मामले को और गंभीर बनाते हैं। यह संभव है कि कुछ क्रिएटर्स ऐसा कंटेंट केवल व्यूज और कमाई के लिए बना रहे हों। लेकिन अगर किसी दूसरे देश की तस्वीर को जानबूझकर भारत के नाम पर पेश किया जा रहा है, तो यह भ्रामक सूचना और डिजिटल प्रोपेगैंडा का गंभीर उदाहरण है।