गुवाहाटी, 11 नवंबर 2026 : असम के कामरूप जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। डिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (13125) का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा सुबह करीब 6:54 बजे हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुर्घटना में करीब 50 यात्री घायल हुए हैं। हालांकि, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी दी है। रेलवे के मुताबिक, ट्रेन डिगारू स्टेशन पर दूसरी लाइन पर जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन की रफ्तार कम नहीं हो सकी और वह दूसरी लाइन पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई। टक्कर के बाद इंजन सहित पांच डिब्बे पटरी से उतर गए और यह बड़ा

लोको पायलट का वीडियो वायरल, ब्रेक सिस्टम में खराबी का दावा

हादसे के दौरान लोको पायलट के केबिन का करीब 45 सेकेंड का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में ट्रेन का कंट्रोल पैनल, डिजिटल डिस्प्ले और अन्य तकनीकी उपकरण दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में लोको पायलट को यह कहते सुना जा सकता है कि ट्रेन के सिस्टम काम नहीं कर रहे हैं। वह कहते हैं, "कुछ भी काम नहीं कर रहा है। uw। सिग्नल रेड हैं। इमरजेंसी लगा हुआ है, काम नहीं कर रहा है। S-9, A-9 कुछ भी काम नहीं कर रहा है।" बताया जा रहा है कि S-9 और A-9 ट्रेन के ब्रेक सिस्टम से जुड़े हैं। हालांकि, ब्रेक सिस्टम में खराबी और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची रेलवे की टीम

दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। ट्रेन में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम किया गया। घायल यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। रेलवे की ओर से प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था भी की गई है।

असम में पहले भी हो चुके हैं रेल हादसे

असम में हाल के दिनों में रेल दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आई हैं।

29 अक्टूबर : सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतरा

लुमडिंग-बदरपुर पहाड़ी रेलखंड में सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के इंजन की आगे की ट्रॉली पटरी से उतर गई थी। यह घटना बदरपुर और सुकरितिपुर स्टेशनों के बीच सुबह करीब 8:50 बजे हुई थी। इस हादसे में किसी यात्री के घायल होने या मौत की सूचना नहीं मिली थी।

20 दिसंबर 2025 : राजधानी एक्सप्रेस की हाथियों के झुंड से टक्कर

असम के होजाई जिले में सैरंग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के झुंड से टकरा गई थी। इस दुर्घटना में सात हाथियों की मौत हो गई थी और एक हाथी का बच्चा घायल हुआ था। हादसे में ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे भी पटरी से उतर गए थे। फिलहाल डिगारू स्टेशन पर हुए हादसे की जांच और दुर्घटना के कारणों को लेकर रेलवे की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।