पटना, 10 नवंबर 2026 : बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के भीतर राजनीतिक काफी चर्चाएं तेज हो गई हैं। खासकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच आपसी तालमेल को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस बीच बिहार सरकार के मंत्री और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी श्रवण कुमार ने दोनों दलों के रिश्तों में कुछ दूरी आने की बात स्वीकार की है। हालांकि, उन्होंने यह भी भरोसा जताया कि गठबंधन के भीतर जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी। मंत्री श्रवण कुमार ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार के एक बार फिर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के साथ जाने की अटकलों को भी सिरे से खारिज किया है।
JDU-BJP के बीच खटास पर क्या बोले श्रवण कुमार ?
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि MLC चुनाव के बाद JDU और BJP के बीच कुछ दूरी जरूर देखने को मिली है। चुनाव के नतीजों और उसके बाद हुए घटनाक्रम की दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व ने समीक्षा की है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर बातचीत भी हुई है और जल्द ही आपसी तालमेल बेहतर करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। श्रवण कुमार के मुताबिक, बिहार में NDA सरकार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व और पूर्व सीएम नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में मजबूती से काम कर रही है। आगे भी गठबंधन की सरकार इसी तरह काम करती रहेगी।
नीतीश कुमार के RJD में जाने की चर्चा पर दिया जवाब
बिहार की राजनीति में एक बार फिर नीतीश कुमार के RJD के साथ जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। इस पर श्रवण कुमार ने स्पष्ट किया कि ऐसी चर्चाओं में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि चाय की दुकानों पर इस तरह की बातें जरूर हो रही हैं, लेकिन इनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। मंत्री ने भरोसा जताया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। उनके इस बयान को गठबंधन में संभावित बदलाव की चर्चाओं के बीच JDU की ओर से स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
MLC चुनाव में JDU-BJP को लगा झटका
दरअसल, बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर हुए चुनाव के नतीजों ने NDA के भीतर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। चुनाव से पहले BJP और JDU के बीच चार-चार सीटों का बंटवारा हुआ था। हालांकि, नतीजों में BJP को दो सीटों पर जीत मिली, जबकि JDU केवल एक सीट जीत सकी। बाकी चार सीटों पर NDA समर्थित उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा।
इन चार सीटों पर NDA उम्मीदवारों को मिली हार
- पटना शिक्षक सीट : BJP के निवर्तमान MLC नवल किशोर यादव को RJD के डॉ. संजीव कुमार ने हराया।
- दरभंगा शिक्षक सीट : जन सुराज समर्थित सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की।
- सारण शिक्षक सीट : निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने JDU के आनंद पुष्कर को शिकस्त दी।
- तिरहुत स्नातक सीट : निर्दलीय उम्मीदवार बंशीधर ब्रजवासी ने JDU के अभिषेक झा को हराया।
इन नतीजों के बाद दोनों सहयोगी दलों के बीच चुनावी रणनीति और आपसी सहयोग को लेकर सवाल उठने लगे।
चुनाव के बाद क्यों बढ़ी JDU-BJP के बीच दूरी की चर्चा ?
MLC चुनाव के नतीजे आने के बाद BJP और JDU के नेताओं के बीच बयानबाजी भी हुई। राहुल राज की BJP में वापसी और चुनाव में भीतरघात के आरोपों ने गठबंधन के भीतर चल रही चर्चाओं को और बढ़ा दिया। JDU की ओर से चुनावी तालमेल और सहयोग को लेकर सवाल उठाए गए। इसके बाद NDA के भीतर आपसी समन्वय को लेकर चर्चा तेज हो गई। अब श्रवण कुमार के बयान से यह स्पष्ट हुआ है कि दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व ने चुनाव के बाद के घटनाक्रम पर चर्चा की है। हालांकि, गठबंधन के भीतर तालमेल सुधारने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाएंगे, इस पर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल JDU और BJP दोनों की ओर से गठबंधन सरकार के सुचारू रूप से काम करने की बात कही जा रही है।






