वॉशिंगटन डीसी, 9 नवंबर 2026 : अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को हुए नुकसान के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर अपने रुख में नरमी के संकेत दिए हैं। ट्रंप ने कहा है कि अगर ईरान के साथ शांति समझौते पर बातचीत आगे बढ़ती है और अच्छी डील होती है तो अमेरिका को दोबारा हमला करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। दूसरी ओर ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के नतीजों के बाद शांति वार्ता की प्रक्रिया रुक गई है। उनके मुताबिक, चुनाव के बाद से किसी मध्यस्थ ने बातचीत आगे बढ़ाने के लिए पहल नहीं की है।अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में कतर और पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं। दोनों देशों के बीच एक नवंबर को दोहा में बातचीत हुई थी। अब कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। इस दौरान ईरान के साथ शांति समझौते और युद्ध रोकने के प्रयासों पर विस्तार से चर्चा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

ट्रंप बोले- मजबूत समझौता हुआ तो दोबारा हमले की जरूरत नहीं

ट्रंप ने रविवार को बातचीत में कहा कि अगर ईरान के साथ बातचीत आगे बढ़ती है और दोनों देशों के बीच मजबूत समझौता हो जाता है तो अमेरिका को दोबारा सैन्य कार्रवाई करने की जरूरत नहीं होगी।उनका यह बयान पांच नवंबर को दिए गए बयान से अलग है। उस समय ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका ईरान के खिलाफ आगे की सैन्य कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार है। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी हमलों से ईरान को सैन्य और आर्थिक रूप से काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने ईरान में महंगाई 301% तक पहुंचने का दावा किया। मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को हुए नुकसान के बाद ट्रम्प ने स्वीकार किया था कि ईरान युद्ध का चुनावी नतीजों पर असर पड़ा है। हालांकि, उन्होंने सैन्य कार्रवाई के अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा था कि वह दोबारा भी ऐसा ही फैसला लेते। वहीं, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी ईरान युद्ध को रिपब्लिकन पार्टी के चुनावी नुकसान की एक वजह बताया था।

कतर के प्रधानमंत्री से मिलेंगे ट्रंप, वेंस भी रहेंगे मौजूद

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को व्हाइट हाउस में कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी से मुलाकात करेंगे। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी उनसे अलग से मुलाकात करेंगे। बैठक में ईरान के साथ युद्ध रोकने और शांति वार्ता दोबारा शुरू कराने के प्रयासों पर चर्चा हो सकती है। एक रिपोर्ट के मुताबिक कतर ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थता कर रहा है। कतर की कोशिश है कि दोनों देशों को बातचीत के लिए अतिरिक्त समय मिले और किसी समझौते का रास्ता निकले। इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रविवार को कहा था कि ईरान के साथ शांति वार्ता में अब तक बहुत कम प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प कूटनीतिक समाधान को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन ईरान की कुछ मांगें अमेरिका के लिए स्वीकार करना मुश्किल है। रुबियो ने इन मांगों को अवास्तविक और अस्वीकार्य बताया।

ईरान बोला- अमेरिका युद्ध खत्म करे तो 2 दिन में खोल देंगे होर्मुज स्ट्रेट

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका के सामने दो दिन का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका सभी मोर्चों पर युद्ध खत्म करने की शर्त मान लेता है तो ईरान 48 घंटे के भीतर होर्मुज स्ट्रेट खोल सकता है। अराघची ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिका को पहले ईरान की शर्तें माननी होंगी। ऐसा नहीं होने पर ईरान जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि ईरान ने अपनी सैन्य तैयारियां मजबूत की हैं, हथियारों की क्षमता बढ़ाई है और सेना की कमजोरियों को दूर किया है। उनके मुताबिक ईरानी सेना किसी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है। ईरान के विदेश मंत्री ने सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA को दिए इंटरव्यू में कहा कि अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के नतीजों के बाद से मध्यस्थों ने कोई खास पहल नहीं की है। उन्होंने कहा कि ईरान अब देखेगा कि अमेरिकी प्रशासन चुनावी नतीजों से उबरने में कितना समय लेता है। इसके बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।

होर्मुज स्ट्रेट क्यों है इतना अहम ?

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में शामिल है। होर्मुज स्ट्रेट फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है। यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक रास्तों में शामिल है। दुनिया के कई देशों तक पहुंचने वाला कच्चा तेल और प्राकृतिक गैस इसी समुद्री मार्ग से गुजरते हैं। यदि यहां जहाजों की आवाजाही बंद होती है या फिर बाधित होती है तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। इससे कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने और कई देशों में महंगाई बढ़ने का खतरा रहता है। इसी वजह से होर्मुज स्ट्रेट को खोलना अमेरिका-ईरान शांति वार्ता का एक अहम मुद्दा अब भी बना हुआ है।

अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को किया था ईरान पर हमला

अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी 2026 को ईरान के परमाणु कार्यक्रम और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर हमले शुरू किए थे। इसके बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई की और दोनों पक्षों के बीच युद्ध शुरू हो गया। युद्ध के दौरान कई बार सीजफायर और बातचीत की कोशिशें हुईं, लेकिन तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। अप्रैल की शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच सीजफायर हुआ था। इसके बाद जून में युद्ध रोकने को लेकर फिर समझौता हुआ, लेकिन अगस्त में यह भी टूट गया और तनाव दोबारा बढ़ गया। अब दोनों देशों के बीच युद्ध खत्म करने के लिए कतर और पाकिस्तान की मध्यस्थता में बातचीत चल रही है।

शांति समझौते में परमाणु कार्यक्रम भी बड़ा मुद्दा

अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत सिर्फ युद्ध रोकने तक सीमित नहीं है। इसमें ईरान का परमाणु कार्यक्रम, प्रतिबंधों में राहत, अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी और होर्मुज स्ट्रेट खोलने जैसे मुद्दे शामिल हैं। कतर की मध्यस्थता में तैयार प्रस्ताव के मुताबिक समझौते के पहले चरण में अमेरिका की ओर से कुछ प्रतिबंधात्मक कदमों में राहत और ईरान की ओर से परमाणु ठिकानों के निरीक्षण की अनुमति देने जैसे कदम शामिल हो सकते हैं। इसके बाद होर्मुज स्ट्रेट खोलने और परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत की योजना है। हालांकि दोनों देशों की शर्तों में अभी अंतर बना हुआ है। अमेरिका ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर ठोस प्रतिबंध चाहता है, जबकि ईरान युद्ध समाप्त करने और आर्थिक प्रतिबंधों में राहत की मांग कर रहा है। ऐसे में ट्रंप और कतर के प्रधानमंत्री की मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है।