नई दिल्ली, 24 सितंबर। टेक कंपनी Meta ने अपने Meta Connect इवेंट में वियरेबल टेक्नोलॉजी से जुड़े कई नए प्रोडक्ट पेश किए हैं। इनमें बिना कैमरे वाला Ray-Ban Meta Audio AI स्मार्ट चश्मा और करीब 100 ग्राम वजन वाला नया VR डिवाइस खास चर्चा में है। कंपनी का फोकस स्मार्ट ग्लास को ज्यादा उपयोगी और हल्का बनाने के साथ प्राइवेसी पर भी है।
बिना कैमरे वाला Ray-Ban Audio AI चश्मा
स्मार्ट चश्मों में कैमरे को लेकर प्राइवेसी की चिंता के बीच Meta ने बिना कैमरे वाला ऑडियो चश्मा पेश किया है। इसमें माइक्रोफोन और स्पीकर दिए गए हैं, जिनकी मदद से यूजर कॉल कर सकते हैं, म्यूजिक सुन सकते हैं और AI असिस्टेंट से बातचीत कर सकते हैं।
कंपनी के मुताबिक, यह चश्मा Clubmaster और Blayzer जैसे डिजाइन में उपलब्ध होगा और इसकी बैटरी करीब 12 घंटे तक चल सकती है।
Ray-Ban Meta Gen 3 में भी कई अपग्रेड
Meta ने कैमरा वाले Ray-Ban Meta Gen 3 को भी पेश किया है। इसमें बेहतर बैटरी बैकअप और Dolby Atmos ऑडियो जैसे फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी ने रिकॉर्डिंग के दौरान दिखाई देने वाली LED इंडिकेटर को भी ज्यादा सुरक्षित बनाने पर जोर दिया है।
इसके अलावा Meta अपने डिस्प्ले वाले स्मार्ट ग्लास को अमेरिका के अलावा ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस और जर्मनी जैसे बाजारों में भी उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है।
सिर्फ 100 ग्राम का नया VR डिवाइस
इवेंट में Meta का हल्का VR डिवाइस भी आकर्षण का केंद्र रहा। मैग्नीशियम एलॉय से बना यह डिवाइस करीब 100 ग्राम का है। इसमें 5K MicroOLED डिस्प्ले और 37 पिक्सल प्रति डिग्री की विजुअल क्लेरिटी बताई गई है।
अलग पॉकेट डिवाइस से कम होगा वजन
डिवाइस की प्रोसेसिंग यूनिट और बैटरी को अलग Pocket Puck में रखा गया है। इससे चश्मे का वजन कम रखने में मदद मिलती है। इसमें आई-ट्रैकिंग, हैंड जेस्चर और वर्चुअल स्क्रीन जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
कीमत और उपलब्धता
रिपोर्ट के मुताबिक, नए VR डिवाइस की कीमत $1,299.99 रखी गई है और इसकी बिक्री 2027 की शुरुआत में शुरू हो सकती है। Meta इसे गेमिंग, एंटरटेनमेंट और प्रोडक्टिविटी के लिए इस्तेमाल करने पर जोर दे रही है।






