पटना, 5 नवंबर 2026 : बिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने पथ निर्माण विभाग के सुपरिटेंडिंग इंजीनियर विजय कुमार के ठिकानों पर छापेमारी की है। इस दौरान पटना के दानापुर स्थित फ्लैट से 32 लाख रुपये से ज्यादा नकद, लाखों के सोने-चांदी के गहने और करोड़ों की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। छापेमारी के दौरान उस समय टीम हैरान रह गई, जब इंजीनियर की पत्नी ने घर के पीछे से रुपयों से भरा बैग बाहर फेंक दिया। टीम ने बैग बरामद किया तो उसमें नौ लाख रुपये मिले। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार को SVU की अलग-अलग टीमों ने सहरसा, पटना और औरंगाबाद में इंजीनियर विजय कुमार के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। विजय कुमार फिलहाल सहरसा में तैनात हैं। जांच एजेंसी को शुरुआती सत्यापन में उनकी ज्ञात आय से 3 करोड़ 28 लाख 70 हजार 600 रुपये अधिक की संपत्ति का पता चला है। यह उनकी वैध आय से करीब 139.87 प्रतिशत ज्यादा बताई गई है।
पत्नी ने घर के पीछे फेंका रुपयों से भरा बैग
SVU की टीम जब पटना के दानापुर स्थित इंजीनियर के फ्लैट पर पहुंची तो शुरुआत में उनकी पत्नी ने दरवाजा नहीं खोला। इसी दौरान कथित तौर पर उन्होंने घर के पीछे की तरफ रुपयों से भरा बैग फेंक दिया। टीम ने तुरंत बैग को बरामद कर लिया। तलाशी लेने पर उसमें 9 लाख रुपये नकद मिले। इसके बाद टीम ने फ्लैट का दरवाजा खुलवाकर तलाशी शुरू की। छापेमारी के दौरान घर में रखी फाइलों के बीच नोटों की गड्डियां छिपाकर रखी मिलीं। जांच में कुल 32 लाख 57 हजार 500 रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई।
23 लाख के गहने और 10 लाख की FD भी मिली
छापेमारी के दौरान इंजीनियर के घर से नकदी के अलावा बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए। SVU की जांच में करीब 23 लाख 23 हजार रुपये के गहने और 10 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट रसीद मिलने की जानकारी दी गई। जांच एजेंसी के मुताबिक, विजय कुमार ने अपनी करीब 22 साल की सरकारी नौकरी के दौरान ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। शुरुआती जांच में उनके और परिवार के नाम पर कई संपत्तियों और निवेश का पता चला है।
पटना में कई फ्लैट और करोड़ों की जमीन के दस्तावेज मिले
SVU की जांच में पटना के कई इलाकों में इंजीनियर और उनके परिवार से जुड़ी अचल संपत्तियों का पता चला है।
इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं :
- महेश नगर स्थित प्रेमा रेजिडेंसी में फ्लैट नंबर 303।
- रामजयपाल नगर में जमीन।
- धनौत इलाके में भूखंड।
- दानापुर के अलग-अलग स्थानों पर जमीन।
- गोला रोड स्थित वास्तुगंगा कॉलोनी में साईं शरणम् नाम का तीन मंजिला मकान।
- एक नवनिर्मित छह मंजिला मकान।
जांच एजेंसी के अनुसार, छह मंजिला मकान की अनुमानित लागत करीब एक करोड़ रुपये है। सत्यापन के दौरान अभियंता और उनकी पत्नी के नाम पर कुल 3 करोड़ 8 लाख 75 हजार रुपये की अचल संपत्ति का पता चला है।
बैंक खातों में 1.29 करोड़ रुपये, पत्नी के नाम स्कॉर्पियो
छापेमारी और शुरुआती जांच में इंजीनियर के परिवार के बैंक खातों और अन्य निवेशों से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। SVU के मुताबिक, विभिन्न बैंकों में सात बचत खातों में करीब 1 करोड़ 29 लाख 40 हजार रुपये जमा होने की जानकारी मिली है। इसके अलावा इंजीनियर ने अपनी पत्नी के नाम पर स्कॉर्पियो समेत अन्य गाड़ियों की खरीदारी की है। जांच के दौरान निवेश से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। एजेंसी अब इन संपत्तियों, बैंक खातों और निवेश के स्रोतों की जांच कर रही है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज हुआ केस
विशेष निगरानी इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक सुधांशु कुमार के मुताबिक, इंजीनियर विजय कुमार के खिलाफ SVU थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) और 13(1)(b) के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक सत्यापन में कुल 3 करोड़ 28 लाख 70 हजार 600 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का आकलन किया गया है। यह उनकी ज्ञात आय से 139.87 प्रतिशत अधिक बताई गई है। जांच एजेंसी ने मामले में अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की है।
औरंगाबाद के पैतृक घर और सहरसा कार्यालय में भी छापेमारी
SVU की टीम ने पटना के अलावा औरंगाबाद जिले के दाउदनगर स्थित विजय कुमार के पैतृक आवास पर भी छापेमारी की थी। वहीं सहरसा में उनके आवास और कार्यालय की तलाशी ली गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, निगरानी टीम ने सहरसा में दोपहर करीब 12 बजे कार्रवाई शुरू की थी। इस दौरान इंजीनियर से उनके कार्यालय में लगभग 30 मिनट तक पूछताछ की गई। इसके बाद टीम पटना के लिए रवाना हो गई। फिलहाल SVU की जांच में सामने आई संपत्तियों, बैंक खातों और अन्य निवेश के दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। एजेंसी का उद्देश्य यह पता लगाना है कि आखिर इंजीनियर ने अपनी ज्ञात आय से अधिक संपत्ति किन माध्यमों से अर्जित की।






