बिहार में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तेज तापमान ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। खासकर स्कूली बच्चों को गर्मी में स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए डीएम त्यागराजन एस एम ने बड़ा फैसला लेते हुए पटना जिले के सरकारी और निजी स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव कर दिया है।

जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों समेत कक्षा 8वीं तक के सभी विद्यालयों में अब सुबह 11 बजे तक ही शैक्षणिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। 11 बजे के बाद किसी भी प्रकार की कक्षा संचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी,

[@portabletext/react] Unknown block type "image", specify a component for it in the `components.types` prop

डीएम कार्यालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में बढ़ते तापमान और दोपहर के समय पड़ रही भीषण गर्मी से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। ऐसे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत यह प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया है कि वे आदेश के अनुरूप अपनी शैक्षणिक गतिविधियों और समय-सारणी को पुनर्निर्धारित करें। यह आदेश 18 मई 2026 से 21 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा।

गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए अभिभावकों ने भी जिला प्रशासन के इस फैसले का स्वागत किया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है, जिसके कारण प्रशासन अलर्ट मोड में है।