लोहरदगा, 19 अगस्त 2026 : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। लोहरदगा में SIR की संशोधित समय-सारणी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा कर दी गई है। नए कार्यक्रम के मुताबिक अब 15 सितंबर 2026 तक दावा-आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी। इसके बाद दावे और आपत्तियों पर सुनवाई की प्रक्रिया 14 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। वहीं, सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 19 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

15 सितंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त के निर्देश पर आयोजित बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अमित कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को SIR की अब तक की प्रक्रिया और आगे की कार्ययोजना की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आयोग ने प्रारूप मतदाता सूची को लेकर दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 15 सितंबर 2026 कर दी है। इस दौरान ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे अपना दावा दर्ज करा सकते हैं।

18 साल पूरे करने वाले युवाओं को भी मौका

SIR के तहत नए मतदाताओं के लिए भी महत्वपूर्ण अवसर दिया गया है। जिन युवाओं की उम्र 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो रही है, वे फॉर्म-6 के जरिए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऐसे युवाओं से समयसीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।

14 अक्टूबर तक होगी दावे-आपत्तियों पर सुनवाई

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 15 सितंबर तक प्राप्त दावों और आपत्तियों की जांच एवं सुनवाई की प्रक्रिया 14 अक्टूबर 2026 तक पूरी की जाएगी। इसके बाद अंतिम प्रक्रिया पूरी होने पर 19 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

SIR की नई टाइमलाइन एक नजर में

आपत्ति की अंतिम तारीख——15 सितंबर 2026

दावे-आपत्तियों पर सुनवाई—-14 अक्टूबर 2026 तक

अंतिम मतदाता सूची —-19 अक्टूबर 2026

राजनीतिक दलों से मांगा गया सहयोग

इस बैठक में निर्वाचन अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से SIR की प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उनसे प्रारूप मतदाता सूची, ASDD सूची, दावा-आपत्ति की प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने को कहा गया। अधिकारियों का कहना है कि राजनीतिक दलों के स्थानीय प्रतिनिधियों की भागीदारी से पात्र नागरिकों को दावा-आपत्ति दर्ज कराने और नए मतदाताओं को पंजीकरण कराने में आसानी होगी।

मतदाताओं के लिए क्यों महत्वपूर्ण है SIR ?

SIR के जरिए मतदाता सूची को अपडेट करने और पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित करने की प्रक्रिया की जा रही है। जिन पात्र लोगों का नाम प्रारूप सूची में नहीं है, उन्हें तय समय सीमा के भीतर दावा दर्ज कराने का मौका दिया गया है। वहीं नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 के जरिए पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। फिलहाल लोहरदगा में SIR की प्रक्रिया के लिए नई समय-सारणी स्पष्ट कर दी गई है। अब 15 सितंबर तक दावा-आपत्ति, 14 अक्टूबर तक सुनवाई और 19 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।