जामताड़ा, 20 अगस्त। जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में बंद खदानों के माइन क्लोजर, अवैध कोयला खनन, परिवहन और एनजीटी के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई।

बंद खदानों के माइन क्लोजर पर कड़ी नाराजगी

नाला प्रखंड के कास्ता क्षेत्र में बंद खनन पट्टों और खदानों के मुहानों की स्थिति की समीक्षा के दौरान ECL पांडेश्वर एरिया के प्रतिनिधियों के रवैये पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि बंद खदानों में किसी तरह की अनहोनी या जान-माल का नुकसान होने पर ECL पांडेश्वर एरिया के जीएम और संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे।

उपायुक्त ने एक सप्ताह के भीतर माइन क्लोजर की अद्यतन रिपोर्ट मांगी। साथ ही बंद खदानों के मुहानों और रैट होल को पूरी तरह बंद कराने के लिए नियंत्रित ब्लास्टिंग तकनीक अपनाने और वैज्ञानिक अध्ययन रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

कोयला परिवहन में GPS निगरानी के आदेश

चितरा कोलियरी से जामताड़ा साइडिंग तक होने वाले कोयला परिवहन की भी समीक्षा हुई। डीसी ने कोयला लदे वाहनों की GPS से निगरानी करने को कहा। निर्धारित रूट से हटने या अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

अनफिट डंपरों से कोयला ढुलाई रोकने और बिना तिरपाल के परिवहन करने वाले वाहनों पर भी सख्ती करने को कहा गया। उन्होंने कोयला चोरी के मामलों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की बात कही।

15 अक्टूबर तक बालू उठाव पर रोक

बैठक में एनजीटी के दिशा-निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। डीसी ने जिले की कैटेगरी-1 और कैटेगरी-2 की नदियों से 15 अक्टूबर तक बालू उठाव पूरी तरह प्रतिबंधित रखने का निर्देश दिया।

47 मामलों में कार्रवाई, 51 वाहन जब्त

बैठक में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में लघु खनिज से जुड़े 47 मामले सामने आए हैं। कार्रवाई के दौरान 51 वाहन जब्त किए गए और नियमों के तहत 23 लाख 14 हजार 894 रुपये का दंड वसूला गया है।

बैठक में एसपी शम्भू कुमार सिंह, डीडीसी असीम किस्पोट्टा, जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सलकर, ECL पांडेश्वर एरिया, एसपी माइंस चितरा, CISF/ECL के अधिकारी और अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।