सिमडेगा, 20 अगस्त। भारी बारिश के बीच सिमडेगा के मुंजबेड़ा गांव में एक गरीब ग्रामीण का कच्चा मकान विशालकाय पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद अनुमंडल पदाधिकारी सुमंत तिर्की और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धर्मदेव पासवान खुद मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मुश्किल और कीचड़ भरे रास्तों की परवाह किए बिना पीड़ित परिवार से मुलाकात की और तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई।
घर पर पेड़ गिरने से मचा संकट
पीड़ित ग्रामीण मारवाड़ी बड़ाईक ने अधिकारियों को बताया कि लगातार हो रही बारिश के दौरान एक विशाल पेड़ अचानक उनके कच्चे मकान पर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त परिवार का कोई सदस्य घर के अंदर मौजूद नहीं था। मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद पूरा परिवार गांव के ही एक पड़ोसी के यहां शरण लेने को मजबूर है।
निर्माण के लिए चिप्स और सीमेंट की मदद
समाजसेवी और सब्जी व्यवसायी भरत प्रसाद के सहयोग से परिवार को एक ट्रैक्टर चिप्स और 20 बोरी डालमिया सीमेंट उपलब्ध कराया गया। इसका उद्देश्य क्षतिग्रस्त घर की जगह जल्द से जल्द पक्का मकान बनाने में परिवार की मदद करना है।
राशन से लेकर कंबल और बरसाती तक दी गई
पीड़ित परिवार को 50 किलो चावल, 15 किलो दाल, फल, कंबल और बरसाती भी उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने परिवार की स्थिति और जरूरतों की जानकारी ली और आगे भी हर संभव सरकारी एवं गैर-सरकारी मदद का भरोसा दिलाया।
प्रशासन ने कहा- आपदा में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा
एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने कहा कि प्रशासन सिर्फ कानून-व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि मुश्किल समय में जनता के साथ खड़ा रहना भी उसकी जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आपदा की स्थिति में किसी जरूरतमंद परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
गांव की सड़क की समस्या भी सामने आई
मौके पर ग्रामीणों ने गांव की बदहाल सड़क की समस्या भी अधिकारियों के सामने रखी। अधिकारियों ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
भरत प्रसाद बोले- मकान निर्माण में नहीं आने देंगे रुकावट
भरत प्रसाद ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि प्रभावित परिवार को आवास योजना की पहली किस्त मिल चुकी है और ईंट भी गिराई जा चुकी है, लेकिन बाकी निर्माण सामग्री खरीदने के लिए पर्याप्त पैसा नहीं था। इसी को देखते हुए उन्होंने अपने स्तर से चिप्स और सीमेंट उपलब्ध कराया। उन्होंने आगे भी परिवार की बुनियादी जरूरतों में सहयोग जारी रखने की बात कही।




