बोकारो | 1 अगस्त 2026
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की बोकारो जिला इकाई ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष विनोद कुमार महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा।
भाजयुमो ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों में जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल, उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली, पेपर लीक और परीक्षा माफियाओं की भूमिका जैसे गंभीर मामले सामने आए हैं। संगठन ने कहा कि इन घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और इसी कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रांची में आंदोलन कर रहे हैं।
CBI जांच और फास्ट ट्रैक कोर्ट की मांग
ज्ञापन में वर्ष 2019 के बाद आयोजित सभी जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल और अन्य भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने की मांग की गई। साथ ही परीक्षा घोटालों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित कर दोषियों को शीघ्र और कड़ी सजा दिलाने की भी मांग उठाई गई।
जेपीएससी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
भाजयुमो ने 14वीं जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मामले में तत्कालीन अध्यक्ष एल. ख्यांगते के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। इसके अलावा आयोग के तीनों सदस्यों को पद से हटाकर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।
उत्पाद सिपाही भर्ती के अभ्यर्थियों के लिए मुआवजे की मांग
संगठन ने उत्पाद सिपाही भर्ती दौड़ परीक्षा के दौरान जान गंवाने वाले अभ्यर्थियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग भी उठाई। प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष होनी चाहिए।




