दुमका | 12 जुलाई 2026
झारखंड के दुमका जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक घरेलू विवाद ने दो लोगों की जान ले ली। सरैयाहाट थाना क्षेत्र में एक पिता ने गुस्से में अपनी 15 वर्षीय बेटी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, बेटी को बचाने पहुंचे अपने 60 वर्षीय चचेरे चाचा पर भी उसने ईंट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घरेलू विवाद के बाद बेटी पर टूट पड़ा पिता
जानकारी के अनुसार, आरोपी हड़ुआ मंडल का शनिवार देर शाम किसी घरेलू बात को लेकर परिवार में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने अपना आपा खो दिया और अपनी 15 वर्षीय बेटी पुड़की कुमारी पर बेरहमी से हमला कर दिया। लगातार मारपीट से किशोरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बीच-बचाव करना भी पड़ा भारी
घर से चीख-पुकार सुनकर आरोपी के 60 वर्षीय चचेरे चाचा सरजू मंडल बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि हड़ुआ मंडल ने उन पर भी ईंट से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर किया गया, लेकिन रविवार को उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी हड़ुआ मंडल को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इलाके में शोक और दहशत का माहौल
एक ही परिवार में हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली विवाद का इतना भयावह रूप किसी ने नहीं सोचा था। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




