नई दिल्ली, 10 नवंबर 2026 : देश के कई शहरों में वायु प्रदूषण की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। AQI.in के आंकड़ों के मुताबिक दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में 49 शहर भारत के हैं। इस सूची में राजस्थान का श्रीगंगानगर पहले स्थान पर रहा, जहां सुबह 9:54 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 821 दर्ज किया गया। भारत के अलावा सूची में सिर्फ पाकिस्तान का लाहौर शामिल रहा, जो 430 AQI के साथ 14वें स्थान पर था। दिवाली के बाद दिल्ली-NCR से लेकर मध्य प्रदेश तक प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है। दिल्ली के चांदनी चौक में मंगलवार सुबह 6 बजे AQI 400 के पार पहुंच गया। राजधानी के कई अन्य इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब दर्ज की गई। मध्य प्रदेश के भोपाल और उज्जैन के साथ हरियाणा के बहादुरगढ़ में भी AQI 400 के पार रहा। वहीं, उत्तर प्रदेश के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता खराब से बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई है।

दिल्ली, भोपाल और बहादुरगढ़ में AQI 400 पार

दिवाली के बाद कई शहरों में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है। दिल्ली के चांदनी चौक में सुबह 6 बजे AQI 400 से अधिक दर्ज किया गया। राजधानी के कई इलाकों में यह 300 के पार रहा।मध्य प्रदेश के भोपाल और उज्जैन में भी वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई। हरियाणा के बहादुरगढ़ में भी AQI 400 के पार दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के शहरों की स्थिति भी चिंताजनक रही। नोएडा में AQI 332, बुलंदशहर में 331 और गाजियाबाद में 324 दर्ज किया गया।

यूपी और मध्य प्रदेश में रात का तापमान गिरा

प्रदूषण के साथ उत्तर भारत में ठंड का असर भी बढ़ने लगा है। मध्य प्रदेश में रात का तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में बदलाव और हवा की धीमी गति जैसे कारक कई इलाकों में प्रदूषकों के जमा होने की स्थिति को प्रभावित कर सकते हैं।

AQI की कौन-सी श्रेणी कितनी खतरनाक ?

एयर क्वालिटी इंडेक्स के जरिए हवा में मौजूद प्रदूषकों के स्तर का आकलन किया जाता है। AQI बढ़ने के साथ स्वास्थ्य पर खतरा भी बढ़ता है।

0-50 : अच्छी हवा, 51-100 : संतोषजनक, 101-200 : मध्यम, 201-300 : खराब, 301-400 : बहुत खराब और 401-500 : गंभीर।

गंभीर श्रेणी का प्रदूषण स्वस्थ लोगों को भी प्रभावित कर सकता है। इससे सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और फेफड़ों से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं। पहले से सांस या हृदय संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।

तमिलनाडु में बारिश, उत्तराखंड के 5 जिलों में बारिश की संभावना

देश के कुछ हिस्सों में प्रदूषण के बीच मौसम का मिजाज भी बदल रहा है। तमिलनाडु के थूथुकुडी समेत कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, केरल और लक्षद्वीप में तेज हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

गाड़ियों के प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, 4 राज्यों से मांगा जवाब

दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने भी चिंता जताई है। अदालत ने गाड़ियों से निकलने वाले धुएं में बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए इस पर तत्काल कदम उठाने की जरूरत बताई। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा सरकारों के साथ MCD और दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है। शीर्ष अदालत ने पूछा है कि तय उम्र पूरी कर चुकी और प्रदूषण मानकों का पालन नहीं करने वाली गाड़ियों की आवाजाही रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। ऐसी गाड़ियों की पहचान और जांच की व्यवस्था को लेकर भी जानकारी मांगी गई है।

PUC सर्टिफिकेट और पुराने वाहनों पर भी मांगी जानकारी

चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची तथा वी. मोहना की बेंच ने निजी और व्यावसायिक वाहनों के लिए लागू प्रदूषण नियंत्रण नियमों की जानकारी मांगी है। शीर्ष अदालत ने खास तौर पर प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) की अनिवार्यता को प्रभावी ढंग से लागू करने के उपायों पर भी जवाब मांगा है। इसके साथ ही पड़ोसी राज्यों से दिल्ली-NCR में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच और नियमों के पालन की व्यवस्था का ब्योरा भी मांगा गया है। सुप्रीम कोर्ट की इस कार्रवाई के बाद दिल्ली-NCR में वाहन प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए संबंधित राज्य सरकारों और प्रशासन की जवाबदेही बढ़ सकती है।