पटना, 10 नवंबर 2026 : बिहार के शहरी विकास के लिए एक अहम पहल के तहत पटना नगर निगम के पहले म्युनिसिपल बॉन्ड की नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में लिस्टिंग हो गई है। इस बॉन्ड के जरिए नगर निगम ने 200 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इससे पटना में वेंडिंग जोन, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, होटल, पार्किंग और मैरिज हॉल समेत 15 बड़ी विकास परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा। बिहार के पहले म्युनिसिपल बॉन्ड की लिस्टिंग को लेकर विशेष समारोह भी आयोजित किया जा रहा है। इसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव के साथ मंत्री नीतीश मिश्रा विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम में म्युनिसिपल बॉन्ड के जरिए नगर निकायों को मिलने वाले वित्तीय लाभ, राजस्व बढ़ाने और नगर निगम को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष रूप से चर्चा होगी।

बॉन्ड पर मिलेगा 9.20% सालाना ब्याज

पटना नगर निगम के म्युनिसिपल बॉन्ड की लिस्टिंग 30 अक्टूबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के प्लेटफॉर्म पर हुई थी। इस बॉन्ड पर निवेशकों को 9.20 प्रतिशत सालाना ब्याज मिलेगा। नगर निगम ने बॉन्ड का आधार निर्गम आकार 100.03 करोड़ रुपये रखा था, मगर निवेशकों की ओर से इसे अच्छा प्रतिसाद मिला। निगम के मुताबिक, बॉन्ड के लिए 205 करोड़ रुपये से अधिक की निवेश मांग आई।बॉन्ड को इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च ने 'IND AA/Stable' और एक्यूइट रेटिंग्स एंड रिसर्च ने 'ACUITE AA/Stable' रेटिंग दी है। ये रेटिंग नगर निगम की वित्तीय देनदारियों को समय पर पूरा करने की क्षमता को दर्शाती हैं।

15 परियोजनाओं पर खर्च होंगे 261.84 करोड़

म्युनिसिपल बॉन्ड से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल पटना में 15 विकास परियोजनाओं के लिए किया जाएगा। इन योजनाओं पर कुल करीब 261.84 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इनमें वेंडिंग जोन, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, होटल, पार्किंग स्थल, कम्युनिटी हॉल और मैरिज हॉल का निर्माण शामिल है। ये परियोजनाएं पटना के छह नगर निगम अंचलों में विकसित की जाएंगी। इनमें पाटलिपुत्र, नूतन राजधानी, कंकड़बाग, बांकीपुर, अजीमाबाद और पटना सिटी अंचल शामिल हैं। निर्माण कार्य नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन (NBCC) के माध्यम से कराया जाएगा। नगर निगम का लक्ष्य अधिकांश परियोजनाओं को 2027 तक पूरा करने का है।

छह महीने से एक साल में तैयार होंगे भवन

नगर निगम की योजना के मुताबिक, ग्राउंड फ्लोर और एक मंजिल वाले भवनों का निर्माण करीब छह महीने में पूरा किया जाएगा। वहीं, इससे अधिक मंजिल वाले भवनों को तैयार करने में लगभग 12 महीने लगेंगे। परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा, ताकि शहर के अलग-अलग इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।

NIT मोड़ का वेंडिंग जोन सबसे महंगा

प्रस्तावित 15 परियोजनाओं में बांकीपुर अंचल की चार योजनाओं पर सबसे अधिक करीब 103.20 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इनमें वार्ड-49 के NIT मोड़ के पास बनने वाला वेंडिंग जोन सबसे बड़ी परियोजना है। इसकी अनुमानित लागत करीब 43.80 करोड़ रुपये है। वहीं, वार्ड-53 में गायघाट के पास ग्राउंड फ्लोर वेंडिंग जोन बनाया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 2.31 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा बोरिंग रोड से राजापुर पुल तक पार्किंग और वेंडिंग शॉप विकसित करने की योजना है। शेखपुरा मोड़ पर होटल का निर्माण भी प्रस्तावित है।

फुटपाथ दुकानदारों को मिलेगा व्यवस्थित बाजार

वेंडिंग जोन बनाने का प्रमुख उद्देश्य सड़क और फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले छोटे कारोबारियों को व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराना है। अभी कई इलाकों में फुटपाथ और सड़कों के किनारे दुकानें लगने से यातायात प्रभावित होता है। वेंडिंग जोन बनने के बाद दुकानदारों को निर्धारित स्थान मिलेगा। इससे बाजार व्यवस्थित होंगे और सड़कों पर अतिक्रमण का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी। इसके साथ ही दुकानदारों को ग्राहकों के लिए बेहतर सुविधाओं वाला व्यावसायिक स्थान उपलब्ध कराया जा सकेगा।

योजनाओं से नगर निगम की बढ़ेगी कमाई

पटना नगर निगम इन परियोजनाओं को केवल शहर की सुविधाएं बढ़ाने तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि इनके जरिए अपनी आय बढ़ाने की भी तैयारी कर रहा है। वेंडिंग जोन, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, होटल, पार्किंग और मैरिज हॉल से होने वाली कमाई नगर निगम के राजस्व का एक हिस्सा बनेगी। इसी आय का इस्तेमाल म्युनिसिपल बॉन्ड पर ब्याज भुगतान और अन्य वित्तीय दायित्वों को पूरा करने में किया जाएगा। इस पहल से नगर निगम को अपनी आय के नए स्रोत विकसित करने में भी काफी मदद मिल सकती है। इसके साथ ही शहरी विकास के लिए सरकारी अनुदान पर निर्भरता कम करने और वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी यह कदम अहम माना जा रहा है।