पटना, 10 नवंबर 2026 : लोक आस्था के महापर्व छठ पर बिहार लौटना इस बार प्रवासियों की जेब पर काफी भारी पड़ रहा है। दिल्ली से पटना आने वाली फ्लाइट का किराया 21 हजार रुपये तक पहुंच गया है। हैरानी की बात यह है कि इसी दौरान दिल्ली से काठमांडू, ढाका और बैंकॉक जाने का हवाई किराया पटना आने से काफी कम है। दिल्ली से नेपाल की राजधानी काठमांडू का टिकट करीब आठ हजार रुपये, बांग्लादेश की राजधानी ढाका का 9,463 रुपये और थाईलैंड के बैंकॉक का 17,279 रुपये में उपलब्ध दिख रहा है। वहीं, दिल्ली से पटना आने के लिए यात्रियों को 21 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। सामान्य दिनों की तुलना में पटना आने वाली फ्लाइट के किराए में औसतन करीब 183% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कुछ रूट पर तो किराया 400% तक बढ़ गया है। छठ के पीक दिनों में हवाई किराए की पड़ताल से सामने आया है कि बिहार लौटने वाले यात्रियों को कई अंतरराष्ट्रीय सफर से भी ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। दूसरी ओर, नियमित ट्रेनों में सीटें फुल हैं और कई प्रमुख ट्रेनों में 20 नवंबर तक टिकट उपलब्ध नहीं हैं।

गयाजी आने के लिए भी देने पड़ रहे 14 हजार रुपये तक

पटना के अलावा गयाजी एयरपोर्ट भी बिहार आने वाले यात्रियों के लिए एक विकल्प है। हालांकि, यहां घरेलू उड़ानों की संख्या पटना की तुलना में कम है। 12 नवंबर को दिल्ली से गया का शुरुआती हवाई किराया करीब 11,365 रुपये और कोलकाता से करीब 14,505 रुपये दिख रहा है। 13 नवंबर को दिल्ली से गया आने का किराया और बढ़ जाता है, जबकि कोलकाता से आने वाले यात्रियों को कुछ राहत मिलती दिखाई दे रही है।

दरभंगा आने के लिए 18 हजार रुपये से ज्यादा किराया

मिथिलांचल में छठ मनाने के लिए आने वाले यात्रियों के सामने भी महंगे हवाई टिकट की समस्या है। दरभंगा एयरपोर्ट पर दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु से आने वाली फ्लाइट के किराए में तेजी देखी जा रही है।12 नवंबर को दिल्ली से दरभंगा आने का शुरुआती किराया करीब 18,862 रुपये दिख रहा है। वहीं, मुंबई और बेंगलुरु से आने के लिए यात्रियों को करीब 16 से 18 हजार रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं।चेन्नई, अहमदाबाद और कोलकाता से दरभंगा के लिए सीधी उड़ान उपलब्ध नहीं है। इन शहरों से आने के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट का विकल्प लेना पड़ता है। मुंबई रूट पर अलग-अलग टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म पर किराए में अंतर भी देखने को मिला है।

पूर्णिया आने के लिए दिल्ली से 10 हजार में टिकट

सीमांचल के यात्रियों के लिए पूर्णिया एयरपोर्ट एक विकल्प बनकर सामने आया है। यहां दिल्ली, कोलकाता और अहमदाबाद जैसे शहरों से हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध है। 12 नवंबर को दिल्ली से पूर्णिया आने का सीधा टिकट करीब 10 हजार रुपये में उपलब्ध दिखा। वहीं, कोलकाता से पूर्णिया आने का किराया करीब 4 हजार रुपये है। हालांकि, 13 नवंबर को इन रूटों के किराए में बदलाव देखने को मिल रहा है। चेन्नई, मुंबई और बेंगलुरु से पूर्णिया के लिए सीधी फ्लाइट उपलब्ध नहीं है।

अब ट्रेनों का हाल: 20 नवंबर तक प्रमुख गाड़ियों में नो रूम

हवाई किराए में भारी बढ़ोतरी के बीच ट्रेन से बिहार लौटने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली, मुंबई, पुणे और कोलकाता से बिहार आने-जाने वाली कई प्रमुख नियमित ट्रेनों में 20 नवंबर तक टिकट उपलब्ध नहीं हैं। कई ट्रेनों में स्लीपर से लेकर एसी क्लास तक लंबी वेटिंग लिस्ट है। पटना से दिल्ली और दूसरे महानगरों के लिए चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति, मगध, श्रमजीवी, पूर्वा, विक्रमशिला, पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति, सिकंदराबाद, पुणे और संघमित्रा एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों में कई यात्रियों की वेटिंग 200 से 300 तक पहुंच गई है, जबकि कुछ में बुकिंग पूरी तरह बंद हो चुकी है।

राहत के लिए 236 पूजा स्पेशल ट्रेनें चला रहा रेलवे

त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है। रेलवे के मुताबिक, बिहार और आसपास के इलाकों के लिए 134 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा दूसरे रेलवे जोन की 102 ट्रेनें भी बिहार से होकर गुजर रही हैं। इस तरह कुल 236 पूजा स्पेशल ट्रेनें 5 दिसंबर तक परिचालित की जाएंगी। उत्तर बिहार के मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा और बरौनी रूट पर करीब 80 स्पेशल ट्रेनें दी गई हैं। वहीं, दक्षिण बिहार के पटना, दानापुर और गया रूट पर 54 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं।

200 स्पेशल बसें, टिकट पर 30% छूट

ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने पर यात्रियों के लिए बसों का विकल्प भी तैयार किया गया है। परिवहन विभाग की ओर से दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल से बिहार के प्रमुख शहरों के लिए प्रतिदिन करीब 200 विशेष बसें चलाई जा रही हैं। यात्रियों को राहत देने के लिए टिकट की कीमत पर 30% तक की छूट दी जा रही है। दिल्ली-एनसीआर और पटना के बीच 24 स्पेशल बसें परिचालित की जा रही हैं।

पटना-दिल्ली शेयरिंग टैक्सी का किराया 3,500 से 4,500 रुपये

ट्रेन और बस में कन्फर्म सीट नहीं मिलने पर यात्रियों के पास टैक्सी का विकल्प भी है। पटना की ट्रैवल एजेंसियों ने पटना-दिल्ली रूट पर पर्सनल और शेयरिंग कैब की सुविधा शुरू की है। 1,050 किलोमीटर की दूरी के लिए शेयरिंग टैक्सी में प्रति सीट 3,500 से 4,500 रुपये तक किराया लिया जा रहा है।त्योहारी सीजन में ग्रुप और कॉर्पोरेट कर्मचारियों के लिए डोर-टू-डोर पिकअप की मांग भी बढ़ी है।

जरूरत पड़ने पर बढ़ाई जाएंगी स्पेशल ट्रेनें

पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि छठ पूजा और उसके बाद यात्रियों की भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं। छठ के बाद यात्रियों की वापसी को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर स्पेशल ट्रेनों के फेरे और उनकी संख्या बढ़ाई जा सकती है। छठ के मौके पर बिहार लौटने वाले लाखों प्रवासियों के लिए इस बार हवाई और रेल यात्रा दोनों चुनौतीपूर्ण बनी हुई हैं। ऐसे में स्पेशल ट्रेनें, बसें और शेयरिंग टैक्सी यात्रियों के लिए वैकल्पिक साधन बन रहे हैं।