नई दिल्ली, 10 नवंबर 2026 : कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की बिक्री शुरू हो गई है। बिना किसी औपचारिक लॉन्च कार्यक्रम के किताब सीधे बाजार में उपलब्ध कराई गई है। 527 पन्नों की इस किताब को सात अध्यायों में बांटा गया है। इसके पहले संस्करण की एक लाख प्रतियां प्रकाशित की गई हैं। किताब के कवर पर सोनिया गांधी की तस्वीर है, जिसे उनके पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने 1966 में खींचा था। किताब के शुरुआती पन्ने पर इसे बेटे राहुल गांधी, बेटी प्रियंका गांधी और पोते-पोतियों रेहान और मिराया को विशेष रूप से समर्पित किया गया है। इसके बाद एक पेज पर ऋग्वेद की ऋचाएं ली गई हैं। सोनिया गांधी ने किताब को निजी मेमॉयर बताया है और कहा है कि यह राजनीतिक किताब नहीं है। हार्पर कॉलिन्स इंडिया से प्रकाशित इस किताब में कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी ने अपनी निजी जिंदगी, राजीव गांधी से मुलाकात, प्रेम और शादी, भारत आने के अनुभव और पूर्व पीएम इंदिरा गांधी परिवार से जुड़ी यादें साझा की हैं। इसमें पंडित जवाहर लाला नेहरू, श्रीमती इंदिरा गांधी, राजीव और राहुल व प्रियंका की कई ऐसी तस्वीरें भी शामिल हैं, जो पहले सार्वजनिक नहीं हुई थीं। सोनिया गांधी ने इसे राजनीतिक किताब के बजाय अपना निजी संस्मरण बताया है। इसमें वर्ष 2004 में कांग्रेस की जीत के बाद प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले का भी विस्तार से जिक्र किया गया है।

किताब के 7 अध्यायों में क्या-क्या है ?

1. कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से पहली मुलाकात

सोनिया गांधी 19 साल की उम्र में अंग्रेजी सीखने के लिए इटली से कैम्ब्रिज पहुंची थीं। यहां एक ग्रीक रेस्टोरेंट में उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई। सोनिया गांधी के मुताबिक, दोनों की पहली मुलाकात जनवरी में उनके दोस्त क्रिश्चियन वॉन स्टिगलिट्ज ने कराई थी। राजीव उस समय कैम्ब्रिज के ट्रिनिटी कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। धीरे-धीरे दोनों की मुलाकातें बढ़ीं और दोस्ती प्यार में बदल गई। सोनिया गांधी ने किताब में वैलेंटाइन डे पर राजीव के साथ अपनी पहली पार्टी का जिक्र किया है।

2. पिता के गुस्से के डर से छिपाया रिश्ता

सोनिया गांधी ने बताया कि वह राजीव के साथ अपने रिश्ते के बारे में परिवार को बताने से डरती थीं। उनके पिता स्टेफानो मैनो काफी सख्त स्वभाव के थे। उन्हें डर था कि रिश्ते के बारे में पता चलने पर पिता उन्हें तुरंत इटली वापस बुला लेंगे।

3. पिता ने रूस में जरूरतमंद परिवार की मदद की थी

इस किताब में सोनिया गांधी ने अपने पिता के व्यक्तित्व से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया है। दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान उनके पिता इटली की सेना की ओर से रूस के मोर्चे पर लड़े थे। वहां उन्होंने एक गरीब परिवार के बच्चों को खाना खिलाया था। उस परिवार की दो बच्चियों के नाम अनूश्का और सोनिया थे। सोनिया के पिता ने अपनी बेटियों के नाम भी उन्हीं बच्चियों के नाम पर रखे थे।

4. भारतीय नागरिकता लेते समय भावुक हो गई थीं सोनिया

सोनिया गांधी ने बताया कि उन्होंने काफी समय तक अपना इटली का पासपोर्ट संभालकर रखा था। यह उनकी पुरानी पहचान और परिवार से जुड़ाव का प्रतीक था। राजीव गांधी के सार्वजनिक जीवन में आने के बाद उन्होंने भारतीय नागरिकता लेने का फैसला किया। वर्ष 1983 में भारतीय नागरिकता हासिल करने की प्रक्रिया के दौरान वह काफी भावुक हो गई थीं। उन्होंने लिखा है कि इटली की नागरिकता छोड़ने के दस्तावेज पढ़ते समय उनकी धड़कन काफी तेज हो गई थी। उन्हें महसूस हुआ कि उनकी पुरानी पहचान का एक हिस्सा हमेशा के लिए पीछे छूट रहा है, जिसे भूलाना आसान नहीं होगा।

5. 2004 में ही तय कर लिया था कि पीएम नहीं बनेंगी

इस किताब का एक अहम हिस्सा 2004 के लोकसभा चुनाव और उसके बाद के राजनीतिक घटनाक्रम पर आधारित है। सोनिया गांधी ने 2004 में ही तय कर लिया था कि प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी। राहुल और प्रियंका भी उन्हें इस पद पर नहीं देखना चाहते थे। दोनों के मन में दादी इंदिरा और पिता राजीव गांधी की हत्या की यादें थीं। उन्हें लगता था कि प्रधानमंत्री बनने से सोनिया गांधी की जान को खतरा बढ़ सकता है। सोनिया गांधी ने लिखा है कि उन्होंने चुनाव से पहले ही प्रधानमंत्री नहीं बनने का फैसला कर लिया था। सोनिया गांधी के मुताबिक, उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान अपना फैसला सार्वजनिक नहीं किया, ताकि पार्टी में नेतृत्व को लेकर विवाद न हो। लोकसभा चुनाव में जीत के बाद गठबंधन के नेताओं ने उन्हें प्रधानमंत्री बनने के लिए मनाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले पर कायम रहीं।

6. क्लिंटन, डायना और सरकोजी से जुड़े दिलचस्प किस्से

सोनिया गांधी ने किताब में कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं और चर्चित हस्तियों से जुड़ी यादें भी साझा की हैं।

  • बिल क्लिंटन : सोनिया गांधी ने 2000 में भारत दौरे के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के व्यवहार से जुड़ा एक खास किस्सा लिखा है। उनके मुताबिक रिसेप्शन के दौरान राष्ट्रपति बिल क्लिंटन वहां मौजूद खूबसूरत महिलाओं को बड़ी चालाकी से चोरी-छिपे देख रहे थे।
  • निकोलस सरकोजी : फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति सरकोजी के भारत दौरे और उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी बातचीत का भी विशेष रूप से जिक्र किया गया है। सोनिया गांधी के मुताबिक, पूर्व राष्ट्रपति सरकोजी डिनर के दौरान अपनी पार्टनर कार्ला ब्रूनी को फोन पर बार-बार मैसेज भी कर रहे थे।
  • प्रिंसेस डायना : कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी ने 1981 में राजीव गांधी के साथ उनकी शादी में शामिल होने की याद भी साझा की है। उन्होंने लिखा कि उस वक्त डायना बेहद खूबसूरत लग रही थीं, लेकिन उनके चेहरे पर परेशानी भी साफ दिखाई दे रही थी।

सोनिया गांधी ने किताब को लेकर क्या कहा ?

सोनिया गांधी के मुताबिक, यह किताब उस जगह और देश की कहानी है, जिसे उन्होंने अपना घर माना। उन्होंने अपने परिवार और जीवन के उन अनुभवों को सामने रखने की पूरी कोशिश की है, जिन्हें अब तक उन्होंने निजी रखा था। उन्होंने लिखा कि दुख और पारिवारिक त्रासदियों ने उन्हें राजनीति में आने के लिए प्रेरित किया, मगर इसके बावजूद उन्होंने अपनी निजी जिंदगी को हमेशा सुरक्षित रखने की कोशिश की। सोनिया गांधी ने यह भी कहा कि भारत में पांच दशक से ज्यादा समय बिताने के दौरान उन्होंने देश को बदलते हुए भी देखा है। शुरुआत में उन्होंने इस बदलाव को एक दर्शक के तौर पर देखा और बाद में देश की राजनीति के केंद्र में रहकर इसका अनुभव किया। किताब में उनके निजी जीवन के साथ गांधी परिवार के इतिहास, राजनीतिक उतार-चढ़ाव और भारत में उनके लंबे सफर की झलक मिलती है।