नई दिल्ली, 20 अगस्त 2026 : कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर एक बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजनीतिक दौर अंतिम चरण में है और उनके उत्तराधिकारी की तलाश भी शुरू हो चुकी है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से सरकार के खिलाफ और आक्रामक तरीके से आगे बढ़ने की अपील की। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में हुई CWC बैठक में देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, युवाओं, रोजगार, राम मंदिर ट्रस्ट को मिले चढ़ावे और सीमा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

राहुल गांधी बोले- ‘मोदी का वक्त खत्म हो गया’

सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी ने बैठक में कहा कि नरेंद्र मोदी का सियासी अंत हो चुका है और उनका शासन अब अंतिम दौर में है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के भीतर प्रधानमंत्री के उत्तराधिकारी की तलाश शुरू हो गई है। राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं से केंद्र सरकार के खिलाफ ज्यादा मजबूती और आक्रामकता के साथ मुद्दे उठाने को कहा। हालांकि उत्तराधिकारी की तलाश को लेकर राहुल गांधी के दावे पर बीजेपी की ओर से प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

खरगे ने मोदी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

CWC बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में सरकार की नीतियों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। खरगे ने दावा किया कि हाल के वर्षों में करीब 94 हजार स्कूल बंद हुए हैं। उन्होंने युवाओं के लिए शिक्षा से रोजगार तक स्पष्ट और समयबद्ध रोडमैप तैयार करने की मांग की।

राम मंदिर ट्रस्ट के चढ़ावे का हिसाब मांगने की मांग

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राम मंदिर ट्रस्ट को मिले चढ़ावे का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि लोगों को यह जानने का अधिकार है कि मंदिर ट्रस्ट को मिले पैसे, सोने और अन्य सामान का हिसाब किस तरह रखा जा रहा है। खरगे ने कहा कि अगर किसी तरह की वित्तीय अनियमितता सामने आती है तो उसकी जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

चीन और सीमा का मुद्दा भी उठा

बैठक में भारत की सीमाओं पर चीन के कथित कब्जे की रिपोर्ट को लेकर भी चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से सीमा सुरक्षा और चीन से जुड़े मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। खरगे ने युवाओं की स्थिति को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा और रोजगार जैसे अहम मुद्दों को पीछे छोड़ दिया गया है और युवाओं में निराशा बढ़ रही है।

CWC बैठक में कई बड़े नेता रहे मौजूद

कांग्रेस की CWC बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। संसद के सत्र के बाद हुई इस बैठक में पार्टी की आगे की राजनीतिक रणनीति और देश से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई।