नई दिल्ली, 9 नवंबर 2026 : क्या 13 नवंबर 2026 को दुनिया खत्म हो जाएगी ? क्या इंसानी सभ्यता अपने आखिरी दिन गिन रही है ? सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसी ही एक भविष्यवाणी की चर्चा हो रही है। इसकी वजह 66 साल पहले प्रकाशित एक वैज्ञानिक रिसर्च पेपर है, जिसमें 13 नवंबर 2026 को 'डूम्सडे' यानी कयामत का दिन बताया गया था। इस रिसर्च पेपर का शीर्षक था- Doomsday : Friday, 13 November, A.D. 2026। इसे चार नवंबर 1960 को प्रतिष्ठित अमेरिकी विज्ञान जर्नल 'साइंस' में प्रकाशित किया गया था। इसमें वैज्ञानिकों ने गणितीय मॉडल के जरिए दावा किया था कि अगर दुनिया की आबादी इसी रफ्तार से बढ़ती रही तो 13 नवंबर 2026 तक इंसानों की संख्या गणितीय रूप से अनंत के करीब पहुंच जाएगी। अब यह तारीख आने में सिर्फ चार दिन बाकी हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या यह भविष्यवाणी सच होने वाली है ? क्या 13 नवंबर को कोई बड़ी प्राकृतिक या वैश्विक आपदा आएगी ? इसका जवाब है- नहीं। इस रिसर्च का मतलब दुनिया का खत्म होना नहीं था। यह तेजी से बढ़ती जनसंख्या के भविष्य को लेकर किया गया एक गणितीय अनुमान था।
1960 में तीन वैज्ञानिकों ने की थी यह भविष्यवाणी
इस रिसर्च पेपर को Heinz von Foerster, Patricia M. Mora और Lawrence W. Amiot ने लिखा था। वैज्ञानिकों ने पिछले करीब 2,000 सालों के जनसंख्या आंकड़ों का अध्ययन किया था। उन्होंने पाया कि उस समय तक दुनिया की आबादी तेजी से बढ़ रही थी। उनके गणितीय मॉडल के मुताबिक, जनसंख्या वृद्धि की यह रफ्तार जारी रहने पर एक समय ऐसा आएगा, जब इंसानों की संख्या गणितीय रूप से अनंत हो जाएगी। उनकी गणना में यह तारीख 13 नवंबर 2026 आई थी। पेपर के शीर्षक में ही इस तारीख को डूम्सडे यानी कयामत का दिन कहा गया था। हालांकि, वैज्ञानिकों का मकसद दुनिया के विनाश की भविष्यवाणी करना नहीं, बल्कि जनसंख्या वृद्धि के खतरों की ओर ध्यान दिलाना था।
आखिर कैसे निकाली गई थी 13 नवंबर 2026 की तारीख ?
वैज्ञानिकों ने जनसंख्या वृद्धि के पुराने आंकड़ों को एक गणितीय मॉडल में शामिल किया था। इस मॉडल के मुताबिक, आबादी सिर्फ बढ़ नहीं रही थी, बल्कि उसके बढ़ने की रफ्तार भी लगातार तेज हो रही थी।इसे हाइपरबोलिक ग्रोथ मॉडल कहा जाता है। इस तरह के मॉडल में एक गणितीय स्थिति आती है, जहां किसी संख्या का मान सीमित समय में अनंत की ओर बढ़ने लगता है। इसी गणना के आधार पर वैज्ञानिकों ने 13 नवंबर 2026 की तारीख निकाली थी। हालांकि, यह अनुमान इस शर्त पर आधारित था कि भविष्य में भी जनसंख्या उसी पुराने पैटर्न से बढ़ती रहेगी। वास्तविक दुनिया में ऐसा नहीं हुआ।
फिर गलत कैसे साबित हुआ वैज्ञानिकों का अनुमान ?
1960 के बाद दुनिया में कई बड़े बदलाव हुए। अलग-अलग देशों में जन्मदर कम होने लगी। परिवार छोटे होने लगे और जनसंख्या वृद्धि की रफ्तार में भी बदलाव आया। शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ने से कई देशों में बच्चों की औसत संख्या घट गई। इसके अलावा, अलग-अलग देशों में आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों ने भी जनसंख्या वृद्धि को प्रभावित किया। इस वजह से दुनिया की आबादी उस रफ्तार से नहीं बढ़ी, जिसका अनुमान 1960 के गणितीय मॉडल में लगाया गया था। यानी वैज्ञानिकों की गणना पुराने आंकड़ों के आधार पर थी, लेकिन भविष्य में जनसंख्या बढ़ने के तरीके बदल गए। यही वजह है कि उनका अनुमान वास्तविकता से मेल नहीं खाता।
संयुक्त राष्ट्र का अनुमान: 2080 के दशक में चरम पर पहुंचेगी आबादी
संयुक्त राष्ट्र की 2024 की रिपोर्ट 'वर्ल्ड पॉपुलेशन प्रॉस्पेक्ट्स 2024' के मुताबिक, दुनिया की आबादी अगले 50 से 60 साल तक बढ़ सकती है। रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि 2024 में 8.2 अरब रही दुनिया की आबादी 2080 के दशक के मध्य तक 10.3 अरब पहुंच सकती है। इसके बाद आबादी में धीरे-धीरे गिरावट आने का अनुमान है। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक इस सदी के भीतर दुनिया की आबादी के चरम पर पहुंचने की संभावना करीब 80% है। यह अनुमान 1960 के उस मॉडल से बिल्कुल अलग है, जिसमें 2026 तक आबादी को गणितीय रूप से अनंत के करीब पहुंचने की बात कही गई थी।
क्या 13 नवंबर 2026 को दुनिया खत्म हो जाएगी ?
इस सवाल का सीधा जवाब है- नहीं। 13 नवंबर 2026 को दुनिया खत्म होने का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। 1960 की रिसर्च में इस्तेमाल किया गया डूम्सडे शब्द आज चर्चा का विषय जरूर बन गया है, मगर इसका अर्थ किसी निश्चित दिन पृथ्वी के विनाश से नहीं था। यह अध्ययन एक गणितीय मॉडल के जरिए यह समझाने की कोशिश थी कि अगर जनसंख्या वृद्धि की रफ्तार पर कोई बदलाव नहीं हुआ तो भविष्य में संसाधनों और आबादी के बीच गंभीर असंतुलन पैदा हो सकता है। इसलिए 13 नवंबर को लेकर डरने या चिंता करने की जरूरत नहीं है। यह तारीख दुनिया के अंत की नहीं, बल्कि 66 साल पुरानी एक चर्चित वैज्ञानिक गणना की याद दिलाती है।






