पटना, 17 अक्टूबर 2026 : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार 17 अक्टूबर यानी शनिवार को पटना पहुंचे। उनके इस दौरे को बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बिहार समेत देशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं। अपने दौरे के दौरान नितिन नवीन दुर्गा पूजा पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही वे पार्टी नेताओं से मुलाकात कर चुनावी रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं। इसके साथ भाजपा नेताओं के साथ बातचीत कर आगे की रणनीति पर काम करेंगे।
MLC चुनाव को लेकर BJP नेताओं के साथ करेंगे बैठक
बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं। सभी राजनीतिक दल अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए चुनाव प्रचार में जुटे हैं। ऐसे में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पटना दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नितिन नवीन पार्टी के नेताओं से मुलाकात करेंगे और चुनाव की तैयारियों पर चर्चा कर सकते हैं। इस दौरान उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार, संगठन की भूमिका और चुनावी रणनीति पर मंथन होने की संभावना है। पार्टी नेताओं को चुनाव से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपे जाने की भी चर्चा है।
दुर्गा पूजा पंडालों में मां दुर्गा के करेंगे दर्शन
पटना पहुंचने के बाद नितिन नवीन ने दुर्गा पूजा के महत्व पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पटना में पूजा पंडालों में दर्शन करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने पटना की दुर्गा पूजा को खास बताते हुए कहा कि यह सभी के लिए महत्वपूर्ण अवसर होता है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नितिन नवीन शिवपुरी सब्जी मंडी के पास स्थापित दुर्गा पूजा पंडाल में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सकते हैं। इसके अलावा उनके डाकबंगला स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में भी जाने का कार्यक्रम है।
'कुम्हरार सेवा सहायता पोर्टल' का करेंगे शुभारंभ
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पटना दौरे में जनसेवा से जुड़ा कार्यक्रम भी शामिल है। वे शनिवार को राजेंद्र नगर जाएंगे, जहां कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र के लोगों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ने की पहल के तहत 'कुम्हरार सेवा सहायता पोर्टल' का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस पोर्टल का उद्देश्य आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद करना है ताकि उन्हें छोटी-छोटी जरूरतों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कुल मिलाकर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का पटना दौरा राजनीतिक और जनसेवा, दोनों लिहाज से काफी अहम है। एक ओर MLC चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों पर चर्चा संभावित है तो दूसरी ओर दुर्गा पूजा पंडालों के दर्शन और सेवा सहायता पोर्टल के शुभारंभ जैसे कार्यक्रम भी उनके एजेंडे में शामिल हैं। इसके अलावा लोगों से मुलाकात का भी कार्यक्रम है।




