पटना, 27 अगस्त 2026 : बिहार की राजनीति में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत के बाद प्रशांत किशोर और जन सुराज का प्रभाव अब विधान परिषद चुनाव तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। इश बीच स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 8 MLC सीटों पर जन सुराज ने चुनावी तैयारी तेज कर दी है। प्रशांत किशोर पहले ही संकेत दे चुके हैं कि इन सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम जल्द घोषित किए जाएंगे। जन सुराज की इस एंट्री ने बिहार के प्रमुख राजनीतिक दलों की चिंता काफी बढ़ा दी है। खासकर ऐसे समय में जब बांकीपुर उपचुनाव के नतीजे ने पारंपरिक राजनीतिक समीकरणों को बड़ा झटका दिया है।

बांकीपुर के नतीजे के बाद बढ़ी बेचैनी

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज की जीत को बिहार की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। पार्टी के प्रदर्शन ने यह सवाल खड़ा किया है कि क्या प्रशांत किशोर अब विधानसभा से आगे MLC चुनावों में भी अपना प्रभाव बढ़ा पाएंगे ? जन सुराज का दावा है कि उसकी राजनीति जातीय समीकरणों से अलग शिक्षा, रोजगार और विकास जैसे मुद्दों पर केंद्रित है। यही मुद्दे स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं के बीच भी महत्वपूर्ण माने जाते हैं।

जातीय समीकरण से अलग राजनीति का दावा

जन सुराज के मुताबिक बांकीपुर में पार्टी को अलग-अलग सामाजिक वर्गों के मतदाताओं का समर्थन मिला। पार्टी का जोर जातीय पहचान की जगह मुद्दा आधारित राजनीति पर रहा। यही मॉडल अब विधान परिषद चुनाव में भी आजमाने की तैयारी है। शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में शिक्षा, रोजगार, सरकारी व्यवस्था और युवाओं से जुड़े मुद्दे सीधे तौर पर मतदाताओं को प्रभावित करते हैं।

रोजगार और शिक्षा पर फोकस

प्रशांत किशोर की राजनीति में Jobs, Education और Employment लगातार प्रमुख मुद्दे रहे हैं। बांकीपुर में शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के वादों को जन सुराज अपनी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा बना रहा है। पार्टी का फोकस सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था, युवाओं के रोजगार और बिहार से होने वाले पलायन को रोकने जैसे मुद्दों पर है।

आठ MLC सीटों पर मजबूत तैयारी

प्रशांत किशोर ने संकेत दिया है कि जन सुराज स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रहा है। उम्मीदवारों के नाम जल्द सामने आने की संभावना है। पार्टी संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक अपनी मौजूदगी बढ़ाने पर भी काम कर रही है। बांकीपुर चुनाव में मिली सफलता के बाद अब जन सुराज के सामने सबसे बड़ी चुनौती उस प्रदर्शन को दूसरे निर्वाचन क्षेत्रों में दोहराने की होगी।

क्या बदल जाएगा बिहार का सियासी समीकरण ?

जन सुराज की एंट्री से MLC चुनाव त्रिकोणीय या बहुकोणीय मुकाबले में बदल सकते हैं। हालांकि, विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों का चुनाव विधानसभा चुनाव से अलग होता है और यहां मतदाता आधार भी अलग होता है। ऐसे में असली परीक्षा यह होगी कि प्रशांत किशोर का बांकीपुर वाला प्रभाव इन 8 MLC सीटों तक कितना पहुंच पाता है। फिलहाल उम्मीदवारों के नाम सामने आने और चुनावी रणनीति स्पष्ट होने के बाद तस्वीर और साफ होगी।