पटना, 9 नवंबर 2026 : लोक आस्था के महापर्व छठ के मौके पर भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव का नया छठ गीत ‘अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के’ खासे चर्चा में है। गायिका सौम्या श्रीवास्तव के साथ खेसारी लाल की आवाज में सजा यह गीत भोजपुरी फिल्म ‘सइयां अरब गईले ना-2’ का हिस्सा है। गीत में छठी मैया की आराधना, सूर्य उपासना और अर्घ्य देने की परंपरा को बड़ा खूबसूरती से दिखाया गया है। छठ महापर्व के माहौल में यह गाना भोजपुरी संगीत प्रेमियों और छठ व्रतियों का ध्यान अपनी ओर खूब खींच रहा है। खेसारी लाल यादव की दमदार गायकी और सौम्या श्रीवास्तव की मधुर आवाज ने गीत को बहुत ही खास बना दिया है। इस गीत को दर्शक और श्रोता इसको खूब पसंद कर रहे हैं।
खेसारी और सौम्या की आवाज में छठी मैया की आराधना
‘अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के’ गीत में छठ महापर्व की धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। गीत के जरिए सूर्य देव को अर्घ्य देने और छठी मैया की पूजा करने की परंपरा को संगीत के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। खेसारी लाल यादव ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति से जुड़ा सबसे खास पर्व है। सौम्या श्रीवास्तव के साथ इस गीत को गाकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक और श्रोता इसे खूब प्यार देंगे।
निर्माता अभय सिन्हा बोले- लोक संस्कृति को आगे बढ़ाने की कोशिश
भोजपुरी फिल्म ‘सइयां अरब गईले ना-2’ के निर्माता अभय सिन्हा ने बताया है कि छठ महापर्व हमारी संस्कृति, परंपरा और लोक आस्था का प्रतीक है। उनके मुताबिक, ‘अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के’ के जरिए छठ की महिमा और श्रद्धा को दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की गई है। भोजपुरी सिनेमा के माध्यम से लोक संस्कृति और पर्व-त्योहारों की परंपराओं को आगे बढ़ाना फिल्म निर्माण का अहम उद्देश्य है। उन्हों ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि श्रोता और दर्शक इसे जरूर पसंद करेंगे।
विनय बिहारी ने लिखे गीत के बोल, शुभम-शोभित ने दिया संगीत
इस छठ गीत के बोल विनय बिहारी ने लिखे हैं। इसका संगीत शुभम सिन्हा और शोभित सिन्हा ने तैयार किया है। गीत में खेसारी लाल यादव और सौम्या श्रीवास्तव के साथ दर्शना बनिक, आस्था सिंह, दीपिका सिंह, माया यादव और अयाज खान भी नजर आ रहे हैं। फिल्म के कार्यकारी निर्माता अनिल कुमार सिंह हैं। इसकी कहानी, पटकथा और निर्देशन की जिम्मेदारी प्रेमांशु सिंह ने संभाली है। वहीं कोरियोग्राफी मनोज (एम.के. गुप्ता जॉय) ने की है, छायांकन वासु ने किया है। माजर खान सहयोगी निर्देशक हैं।
भोजपुरी संगीत में खास पहचान रखते हैं छठ गीत
भोजपुरी संगीत में छठ गीतों की हमेशा से खास पहचान रही है। हर साल छठ महापर्व के दौरान नए और पुराने भोजपुरी गीतों की लोकप्रियता बढ़ जाती है। खेसारी लाल यादव जैसे लोकप्रिय कलाकारों की आवाज में तैयार भक्ति गीत नई पीढ़ी को भी लोक आस्था और परंपराओं से जोड़ते हैं। ‘अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के’ भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाने की कोशिश है।






