मुंबई, 9 नवंबर 2026 : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के एक बार फिर साथ आने की खबर है। शरद पवार और अजित पवार के नेतृत्व वाले गुटों के बीच विलय को लेकर बातचीत अंतिम दौर में पहुंचने का दावा किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस संभावित विलय में बीजेपी की भी अहम भूमिका मानी जा रही है। अगर दोनों गुट एक होते हैं तो महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार से लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार तक राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट में भाजपा के एक सूत्र के हवाले से दावा किया गया है कि एनसीपी के दोनों गुटों के विलय का खाका लगभग तैयार है। इस सप्ताह या अगले सप्ताह इसकी औपचारिक घोषणा भी हो सकती है। हालांकि, अभी तक दोनों गुटों की ओर से विलय की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, मगर सब कुछ सेट है।

सुप्रिया सुले से पार्थ पवार तक को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, विलय के बाद एनसीपी में पुरानी व्यवस्था की तरह शरद पवार परिवार की भूमिका अहम रह सकती है। शरद पवार की बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले को राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। वहीं, दिवंगत अजित पवार के बड़े बेटे पार्थ पवार को महाराष्ट्र की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका दिए जाने की चर्चा है। इस संभावित राजनीतिक व्यवस्था में सुनेत्रा पवार के महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री बने रहने की संभावना भी जताई गई है।

जयंत पाटिल को मिल सकता है वित्त मंत्रालय

एनसीपी के दोनों गुटों के विलय के बाद महाराष्ट्र सरकार में मंत्रिमंडल का समीकरण भी बदल सकता है। रिपोर्ट में बीजेपी सूत्र के हवाले से दावा किया गया है कि एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल को महाराष्ट्र में वित्त मंत्री की जिम्मेदारी दी जा सकती है। हालांकि, मंत्रिमंडल में संभावित बदलावों को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

मोदी कैबिनेट में सुप्रिया सुले और प्रफुल्ल पटेल की एंट्री की चर्चा

एनसीपी के संभावित विलय का असर केंद्र सरकार पर भी पड़ सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में संभावित विस्तार के दौरान सुप्रिया सुले और प्रफुल्ल पटेल को जगह मिल सकती है। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं को केंद्र में जिम्मेदारी देने पर विचार हो सकता है। इससे एनसीपी के दोनों गुटों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व मिलने का रास्ता खुल सकता है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात के दौरान विलय को लेकर बातचीत आगे बढ़ी। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अस्पताल में भर्ती शरद पवार से फोन पर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। वहीं, एनसीपी नेताओं की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात भी चर्चा में रही।

NCP के विलय से बीजेपी को क्या फायदा होगा ?

एनसीपी के दोनों गुटों का विलय सिर्फ महाराष्ट्र की राजनीति तक सीमित नहीं रहेगा। इसका असर राष्ट्रीय राजनीति पर भी पड़ सकता है। अगर शरद पवार गुट एनडीए के करीब आता है तो बीजेपी को संसद में अतिरिक्त राजनीतिक समर्थन मिल सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, शरद पवार गुट के 8 लोकसभा सांसद और एक राज्यसभा सांसद का समर्थन केंद्र सरकार के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है।महाराष्ट्र में भी दोनों गुटों के एक होने से महायुति की राजनीतिक ताकत बढ़ सकती है। इससे विपक्षी गठबंधन को चुनौती मिल सकती है। वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी INDIA गठबंधन को भी राजनीतिक नुकसान पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

2 जुलाई 2023 को दो हिस्सों में बंटी थी NCP

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में सबसे बड़ी टूट दो जुलाई 2023 को हुई थी। उस समय अजित पवार अपने समर्थक विधायकों के साथ एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में शामिल हो गए थे। उन्होंने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद शरद पवार और अजित पवार के बीच पार्टी पर अधिकार को लेकर विवाद शुरू हुआ। चुनाव आयोग ने छह फरवरी 2024 को अजित पवार के नेतृत्व वाले गुट को असली NCP माना और पार्टी का नाम तथा घड़ी चुनाव चिह्न आवंटित किया। वहीं, शरद पवार के गुट को NCP (शरदचंद्र पवार) नाम और तुरहा बजाता हुआ आदमी चुनाव चिह्न दिया गया। अब दोनों गुटों के संभावित विलय की चर्चा ने महाराष्ट्र की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।