आरा (भोजपुर), 9 नवंबर 2026 : बिहार के भोजपुर जिले में दिवाली की रात मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। बिहिया थाना क्षेत्र के रामडीहरा गांव में एक युवक ने स्कॉर्पियो से नौ लोगों को बुरी तरह से कुचल दिया। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना रविवार रात की है। बताया जा रहा है कि गांव के मंदिर के पास गाने बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच मामूली विवाद शुरू हुआ था। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और फिर बाद में जमकर मारपीट होने लगी। इसी दौरान एक युवक ने स्कॉर्पियो से विरोधी लोगों को रौंद दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस बीच आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। उधर, पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

मंदिर में गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दिवाली की रात रामडीहरा गांव के मंदिर में कुछ लोग साउंड बॉक्स लगाकर गाने बजा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोग वहां पहुंचे और तेज आवाज में गाना बजाने पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों तरफ से मारपीट होने लगी। स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना से पहले एक पक्ष के कुछ लोगों ने शराब पार्टी की थी। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्कॉर्पियो से 9 लोगों को कुचला, दो की मौत

विवाद के दौरान बीच-बचाव करने के लिए कुछ लोग आगे आए। इसी बीच आरोप है कि रितेश यादव नाम का युवक अपनी स्कॉर्पियो लेकर पहुंचा और तेज रफ्तार में लोगों को कुचल दिया। इस घटना में कमलेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल दिनेश यादव को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। स्कॉर्पियो की चपेट में आए सात अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जिनका इलाज चल रहा है।

मृतक के बेटे ने लगाया पुरानी रंजिश का आरोप

मृतक दिनेश यादव के बेटे अमित कुमार यादव ने आरोप लगाया है कि कुछ दिन पहले ही गांव में पुलिस ने शराब बरामद की थी। दूसरे पक्ष को शक था कि शराब की बरामदगी के पीछे उनके परिवार का हाथ है। अमित के मुताबिक, इसी रंजिश में उनके पिता पर स्कॉर्पियो चढ़ा दी गई। हालांकि इस आरोप की पुलिस जांच कर रही है। लेकिन आपसी रंजिश की बात पहले से चली आ रही थी।

पुलिस आरोपियों की तलाश में कर रही छापेमारी

घटना की सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक मुख्य आरोपी रितेश यादव समेत दूसरे पक्ष के लोग मौके से फरार हो चुके थे। बिहिया थानाध्यक्ष विपिन बिहारी ने बताया कि पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इसके बाद स्कॉर्पियो से नौ लोगों को कुचल दिया गया। इस बीच स्थानीय पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, मगर गांव में अब भी तनाव बना हुआ है।