पटना, 20 अक्टूबर 2026 : बिहार में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू के एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें पटना स्थित मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक उन्हें हृदय संबंधी परेशानी हुई है। नीरज कुमार पहले से ही दिल की बीमारी से जूझ रहे हैं। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। उनकी स्थिति अभी ठीक है मगर डाॅक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं।

MLC चुनाव के बीच बिगड़ी तबीयत

जदयू नेता नीरज कुमार की तबीयत ऐसे समय में बिगड़ी है, जब पटना स्नातक सीट पर एमएलसी चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज है। इस चुनाव में जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार और विधायक अनंत सिंह के बीच भी राजनीतिक खींचतान खासे चर्चा में है। इससे चुनाव दिलचस्प हो गया है।

अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच बढ़ा विवाद

बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। वह जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। दोनों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चला है। नीरज कुमार ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों से इनकार किया है। विवाद को सुलझाने के लिए जेडीयू की ओर से बैठक भी की गई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को दोनों नेताओं के बीच सुलह कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने अनंत सिंह से बातचीत कर नीरज कुमार के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी से बचने की अपील की थी। हालांकि, दोनों के बीच तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। फिलहाल नीरज कुमार की तबीयत को लेकर सबकी नजरें उनके स्वास्थ्य से जुड़ी आगे की जानकारी पर टिकी हैं। अस्पताल की ओर से जारी किसी आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन की पुष्टि होने पर ही उनकी स्थिति के बारे में अधिक स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।