खगड़िया, 10 नवंबर 2026 : बिहार के खगड़िया के पूर्व SP भानु प्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा सिंह के बीच चल रहा विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। पूजा सिंह समेत 7 लोगों के खिलाफ मुफस्सिल थाने में FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि पूजा सिंह ने पति और बेटी के साथ रहने की मांग को लेकर SP के सरकारी आवास के मुख्य गेट पर करीब दो दिनों तक धरना दिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के आने-जाने का रास्ता रोका। FIR में ड्यूटी पर तैनात थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल पकड़ने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया गया है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह के आवेदन पर 4 नवंबर 2026 को कांड संख्या 151/26 दर्ज की गई। मामले में पूजा सिंह की मां, भाई, बहन, बहनोई, मौसा और एक अन्य परिचित को भी आरोपी बनाया गया है।

SP आवास के गेट पर दो बार दिया धरना

थानाध्यक्ष के आवेदन के मुताबिक 3 नवंबर 2026 को सुबह करीब 7 :15 से 9 :15 बजे तक पूजा सिंह SP आवास के मुख्य गेट पर धरने पर बैठी थीं। इसी दिन शाम करीब पांच बजे से चार नवंबर की सुबह 6 : 30 बजे तक दोबारा धरना दिया गया। SP आवास परिसर में गोपनीय शाखा और जिला आसूचना इकाई समेत कई सरकारी कार्यालय संचालित होते हैं। यहां अधिकारियों, कर्मचारियों और सरकारी वाहनों की आवाजाही लगातार होती रहती है। FIR के मुताबिक धरने के दौरान मुख्य गेट से आने-जाने का रास्ता बाधित हुआ। इससे सरकारी कामकाज प्रभावित होने का आरोप लगाया गया है।

थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल पकड़ने की कोशिश का आरोप

थानाध्यक्ष के आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पूजा सिंह को गेट से हटने के लिए कहा गया तो वह कई बार उग्र हो गईं। इसी दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल पकड़ने की कोशिश भी की। आवेदन के मुताबिक पूजा सिंह ने कहा था, 'मुझे शूट कर दो, एनकाउंटर कर दो। जब तक मुझे आवास के अंदर नहीं जाने दिया जाएगा, मैं किसी को आने-जाने नहीं दूंगी। पुलिस का आरोप है कि धरने के दौरान सरकारी काम में बाधा पहुंचाई गई।

मां, भाई, बहन और मौसा समेत 7 लोग नामजद

FIR में पूजा सिंह के अलावा उनके परिजनों और परिचितों को भी आरोपी बनाया गया है। थानाध्यक्ष के आवेदन के मुताबिक, पूजा सिंह ने बातचीत में बताया था कि धनवंत सिंह राठौर और अन्य लोग उन्हें धरने पर लेकर आए थे। आवेदन में जिन लोगों के नाम दर्ज हैं, उनमें पूजा सिंह की मां पुष्पा देवी पारीक, भाई नीरज कुमार पारीक, बहन आरती सिंह, बहनोई सोनू सिंह, मौसा प्रह्लाद मिश्रा और धनवंत सिंह राठौर शामिल हैं। आरोप है कि इन लोगों ने पूजा सिंह को तब तक धरने पर बैठे रहने के लिए कहा था, जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती।

4 नवंबर को SP पद से हटाए गए भानु प्रताप सिंह

पूजा सिंह और भानु प्रताप सिंह के बीच विवाद के बीच 4 नवंबर 2026 को भानु प्रताप सिंह को खगड़िया के SP पद से हटा दिया गया था। उन्हें पुलिस मुख्यालय में अटैच कर दिया गया है। हालांकि, उनके पद से हटाए जाने और पत्नी की ओर से लगाए गए आरोपों के बीच आधिकारिक तौर पर किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।

2016 में किया था लव मैरिज, UPSC की तैयारी में साथ देने का दावा

पूजा सिंह के मुताबिक, उनकी और भानु प्रताप सिंह की शादी 2016 में प्रेम विवाह के रूप में हुई थी।उनका दावा है कि शादी के समय भानु प्रताप दिल्ली में रहकर UPSC की तैयारी कर रहे थे और उनके पास नौकरी नहीं थी। पूजा सिंह के अनुसार, उस दौरान उन्होंने एक निजी स्कूल में पढ़ाकर घर का खर्च चलाया और पति की पढ़ाई में आर्थिक मदद की। बाद में भानु प्रताप सिंह ने UPSC परीक्षा पास की और 2021 बैच के IPS अधिकारी बने।

पति के व्यवहार में बदलाव और बेटी से नहीं मिलने देने का आरोप

पूजा सिंह का आरोप है कि भानु प्रताप सिंह के IPS अधिकारी बनने के बाद उनके व्यवहार में बदलाव आ गया। उनका कहना है कि पिछले कई महीनों से दोनों के रिश्ते ठीक नहीं हैं। पूजा सिंह ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें अपनी 6 साल की बेटी से मिलने नहीं दिया जा रहा है। उनके मुताबिक, पिछले 8-9 महीनों से वह बेटी से नहीं मिल पाई हैं और इसी परेशानी को लेकर लगातार अधिकारियों से गुहार लगा रही हैं।

तलाक नहीं चाहतीं पूजा सिंह, परिवार के साथ रहने की मांग

पूजा सिंह का कहना है कि वह अपने पति भानु प्रताप सिंह से अलग नहीं होना चाहतीं। उनका मकसद कोई कानूनी विवाद खड़ा करना भी नहीं है। वह चाहती हैं कि पति और बेटी के साथ उनका परिवार फिर से एक हो जाए। पूजा सिंह के मुताबिक, वह अपनी बेटी की परवरिश पति के साथ मिलकर करना चाहती हैं और हर हाल में परिवार को दोबारा बसाना चाहती हैं। फिलहाल मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। मगर अब आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर होगी।