पटना, 9 नवंबर 2026 : मोकामा के विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होने जा रही है। शादी को यादगार बनाने के लिए पटना के लदमा गांव में भव्य तैयारियां की जा रही हैं। इस शादी में करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है। मेहमानों के लिए 150 से ज्यादा तरह के पकवान तैयार होंगे। वहीं दूसरी ओर शादी में बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के 36 कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। इस शादी में सबसे ज्यादा चर्चा अनंत सिंह की ओर से दिए जाने वाले महंगे गिफ्ट की हो रही है। वह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को करीब 2 से 2.5 करोड़ रुपए की लैंड रोवर डिफेंडर गिफ्ट करने वाले हैं। गाड़ी पटना पहुंच चुकी है। वहीं, बेटी की शादी के साथ होने वाले छोटे बेटे अभिनव सिंह के जनेऊ समारोह पर उसे BMW कार देने की तैयारी है।
दामाद को 2.5 करोड़ की डिफेंडर, बेटे को मिलेगी BMW
अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी के होने वाले पति ऋषिकेश कुमार को लग्जरी SUV लैंड रोवर डिफेंडर देने जा रहे हैं। इसकी कीमत करीब 2 से 2.5 करोड़ रुपए बताई जा रही है। हालांकि, गाड़ी के सटीक वेरिएंट और अंतिम कीमत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लैंड रोवर डिफेंडर अपनी दमदार ऑफ-रोड क्षमता, प्रीमियम इंटीरियर और आधुनिक तकनीक के लिए जानी जाती है। इसमें ऑल-व्हील ड्राइव, एडवांस ड्राइविंग असिस्टेंस और बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम जैसे फीचर्स मिलते हैं। वहीं, अनंत सिंह अपने छोटे बेटे अभिनव सिंह को भी BMW कार गिफ्ट करेंगे। बेटी की शादी के साथ ही बेटे का जनेऊ संस्कार भी आयोजित किया जाएगा।
10 बीघा में बनेगा पंडाल, 30 फीट ऊंचा होगा जयमाला स्टेज
शादी समारोह को भव्य बनाने के लिए अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा में करीब 10 बीघा जमीन पर पंडाल और मंडप तैयार किए जा रहे हैं। जयमाला के लिए लगभग 30 फीट ऊंचा स्टेज बनाया जा रहा है। स्टेज की थीम जयपुर के पत्रकार चौराहे की तर्ज पर रखी गई है। इसकी सजावट के लिए चीन और बेंगलुरु से फूल मंगाए जा रहे हैं। सजावट की जिम्मेदारी विशेष इवेंट कंपनी को दी गई है। पंडाल तैयार करने के लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से कारीगर बुलाए गए हैं। इसके अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों से सजावट का सामान मंगाया जा रहा है।
पवन सिंह, अक्षरा सिंह और आयशा खान समेत 36 कलाकारों को न्योता
शादी में भोजपुरी और बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों का जमावड़ा लगने की उम्मीद है। अनंत सिंह के मुताबिक, करीब तीन दर्जन कलाकारों को निमंत्रण भेजा गया है। आमंत्रित कलाकारों में पवन सिंह, अक्षरा सिंह और आयशा खान के नाम शामिल हैं। इसके अलावा दुबई से 6 मॉडल भी समारोह में पहुंचेंगी।
12 बीघा में घुड़दौड़ का मैदान, विजेता को मिलेगी महिंद्रा थार
शादी समारोह में घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र होगी। इसके लिए करीब 12 बीघा जमीन पर विशेष मैदान तैयार किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और हरियाणा समेत कई राज्यों के घुड़सवार हिस्सा ले सकते हैं। प्रतियोगिता 25 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक प्रस्तावित है।
विजेताओं के लिए इनाम भी तय किए गए हैं :
पहला स्थान : महिंद्रा थार
दूसरा स्थान : मोटरसाइकिल
तीसरा स्थान : स्कूटी
4 लाख लोगों के लिए बनेगा खाना, मेन्यू में 150 से ज्यादा पकवान
बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में खाने-पीने की व्यवस्था भी खास होगी। 8 नवंबर को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनंत सिंह ने करीब 4 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था करने की बात कही थी। मेहमानों के लिए 150 से अधिक तरह के व्यंजन तैयार किए जाएंगे। मेन्यू में बिहार के पारंपरिक पकवानों के साथ दूसरे राज्यों के मशहूर व्यंजन भी शामिल होंगे। मिठाइयों में काजू कतली और नालंदा के प्रसिद्ध सिलाव खाजा को जगह दी गई है। सिलाव खाजा अपनी 52 परतों वाली खास बनावट के लिए जाना जाता है। मेहमानों की संख्या बढ़ने पर भी भोजन की व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी है।
PM मोदी, नीतीश और लालू समेत बड़े नेताओं को निमंत्रण
अनंत सिंह ने बेटी की शादी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव समेत कई बड़े नेताओं को आमंत्रित करने की इच्छा जताई है।विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को निमंत्रण दिया जा चुका है। अनंत सिंह का कहना है कि शादी में राजनीतिक भेदभाव नहीं होगा। देश-विदेश से आने वाले सभी मेहमानों का स्वागत किया जाएगा।
अमेरिका में रहते हैं होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार
विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से हो रही है। वह पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर निवासी कमांडेंट रणविजय कुमार के बेटे हैं। ऋषिकेश ने अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से MBA की पढ़ाई की है। वह पिछले करीब 11 वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं। 25 नवंबर को लदमा गांव में होने वाला यह समारोह कई मायनों में खास रहने वाला है। लग्जरी गाड़ियों से लेकर घुड़दौड़, फिल्मी सितारों की मौजूदगी और लाखों लोगों के भोजन की व्यवस्था के कारण यह शादी बिहार में चर्चा का विषय बनी हुई है।






