पटना, 12 नवंबर 2026 : बिहार में राशन कार्ड बनवाने के लिए इंतजार कर रहे लोगों के लिए एक बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐलान किया है कि राज्य में पात्र लाभुकों को 30 दिनों के अंदर नया राशन कार्ड जारी किया जाएगा। इसके साथ ही 75 साल या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों को अब जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकान पर राशन लेने के लिए नहीं जाना पड़ेगा। अगले साल से उनके घर तक अनाज पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 23 लाख 75 हजार लाभुकों को नए राशन कार्ड देने की घोषणा की। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी समेत कई अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस दौरान नई जन वितरण प्रणाली दुकानों के लिए लाइसेंस भी जारी किए गए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राशन कार्ड बनाने और गरीब परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
30 दिनों के अंदर मिलेगा नया राशन कार्ड
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार पात्र परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने के लिए तेजी से काम कर रही है। अब राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि पात्र आवेदकों को 30 दिनों के अंदर नया राशन कार्ड उपलब्ध करा दिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार खाद्य सुरक्षा योजना के लाभ से वंचित न रहे। सीएम ने उन लोगों से भी जल्द आवेदन करने की अपील की, जो पात्र होने के बावजूद अब तक राशन कार्ड की सुविधा का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।
75 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को घर पहुंचेगा राशन
इश कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों के लिए भी बड़ी राहत का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 75 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों को राशन लेने के लिए जन वितरण प्रणाली की दुकानों पर चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। अगले साल से ऐसे बुजुर्गों के घर तक अनाज पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। इससे खासकर उन बुजुर्गों को राहत मिलेगी, जिन्हें शारीरिक परेशानी के कारण राशन दुकान तक जाने में दिक्कत होती है। यह व्यवस्था लागू होने के बाद पात्र बुजुर्ग लाभुकों को घर बैठे राशन मिल सकेगा।
बिहार में 2.09 करोड़ राशन कार्ड, 8.46 करोड़ लोगों को फायदा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम के दौरान राज्य में राशन कार्ड और लाभुकों की संख्या से जुड़े आंकड़े भी साझा किए। उन्होंने बताया कि बिहार में अब तक करीब 2 करोड़ 9 लाख राशन कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इनके माध्यम से लगभग 8 करोड़ 46 लाख लोगों को सरकारी राशन योजना का लाभ मिल रहा है। सीएम के अनुसार दीपावली तक 24 लाख नए लाभुकों को इस व्यवस्था से जोड़ा गया है। सरकार का प्रयास है कि राज्य के सभी पात्र परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराया जाए।
नई PDS दुकानों को भी मिला लाइसेंस
पटना के ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नई जन वितरण प्रणाली दुकानों के लिए लाइसेंस भी जारी किए गए। इसका उद्देश्य राशन वितरण व्यवस्था को मजबूत करना और लाभुकों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को आसान बनाना है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राशन वितरण और जनकल्याणकारी योजनाओं की निगरानी नियमित रूप से की जाए।
हर महीने के अंतिम रविवार को मनेगा पंचायत विकास दिवस
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विकास योजनाओं की समीक्षा को लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को एक और निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हर महीने के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस मनाया जाए। इस दिन पंचायत स्तर पर चल रहे विकास कार्यों का हिसाब-किताब रखा जाएगा और उनकी प्रगति की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत करीब 22 हजार करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। इस राशि से सड़क, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र और दूसरी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
राशन कार्ड के लिए आवेदन करने वालों को क्या फायदा होगा ?
सरकार की इस घोषणा से बिहार के उन परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो पात्र होने के बावजूद राशन कार्ड बनने का इंतजार कर रहे हैं। पात्र आवेदकों को 30 दिनों के अंदर राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य है। 75 वर्ष या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों को अगले साल से घर पर राशन पहुंचाने की घोषणा की गई है। नए लाभुकों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जोड़ने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा होगी। इस तरह बिहार सरकार राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया और राशन वितरण व्यवस्था में बदलाव की तैयारी कर रही है। हालांकि, होम डिलीवरी की विस्तृत प्रक्रिया और पात्रता संबंधी दिशा-निर्देश लागू होने के बाद स्पष्ट होंगे।






