सिवान, 12 नवंबर 2026 : बिहार में फर्जी नंबर प्लेट या तकनीकी गड़बड़ी का हैरान कर देने वाला मामला एकबार फिर सामने आया है। सिवान में घर पर खड़ी एक बाइक का चालान मोतिहारी जिले के कोटवा में कट गया है। हैरानी की बात तो यह है कि परिवहन विभाग की ओर से भेजे गए चालान में बाइक की जगह टाटा नेक्सन कार की तस्वीर साफ दिखाई दे रही है। इस कार की नंबर प्लेट पर वही रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज है, जो सिवान निवासी की बाइक का भी है। ओवरस्पीडिंग के आरोप में बाइक मालिक पर दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इस मामले के सामने आने के बाद वाहन मालिक ने नंबर प्लेट के दुरुपयोग की आशंका जताई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। हालांकि बिहार में यह पहला मामला नहीं है। पहले भी राजधानी पटना सहित विभिन्न जिलों से इस तरह के मामले सामने आते रहे हैं, मगर अब तक परिवहन विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इस कारण पीड़ित लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

मोबाइल पर आया 2000 रुपये के चालान का मैसेज

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सिवान शहर के महादेवा निवासी दीपू कुमार सिंह की बाइक उनके घर पर खड़ी थी। इसी दौरान 11 नवंबर की शाम उनके मोबाइल पर परिवहन विभाग की ओर से चालान कटने का मैसेज आया। मैसेज में ओवरस्पीडिंग के लिए 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था। पहले तो दीपू कुमार सिंह को समझ नहीं आया कि उनकी बाइक का चालान कहां और कैसे कट गया। इसके बाद उन्होंने चालान नंबर के जरिए परिवहन विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जानकारी चेक की। पोर्टल पर चालान की डिटेल्स और साथ में लगी तस्वीर देखकर वह हैरान रह गए।

बाइक के नंबर पर टाटा नेक्सन कार का चालान

चालान की जानकारी में वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दीपू कुमार सिंह की बाइक का था, लेकिन सीसीटीवी कैमरे से ली गई तस्वीर में एक टाटा नेक्सन कार दिखाई दे रही थी। तस्वीर में कार की पिछली नंबर प्लेट पर वही नंबर दर्ज था, जो दीपू की बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर है। यानी बाइक सिवान में घर पर खड़ी थी, जबकि उसी नंबर की गाड़ी मोतिहारी के कोटवा में सड़क पर दौड़ती दिखाई गई। इसी आधार पर ओवरस्पीडिंग का चालान जारी कर दिया गया।

फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल या परिवहन विभाग की तकनीकी गलती ?

इस मामले ने वाहन नंबर प्लेट के दुरुपयोग और चालान सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूरे मामले में दो संभावनाएं सामने आ रही हैं। पहली, किसी कार चालक ने जानबूझकर बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर अपनी कार पर इस्तेमाल किया हो। दूसरी, चालान जारी करने के दौरान परिवहन विभाग के सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी हुई हो। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी या चालान जारी होने में कोई गलती हुई है।

ट्रैफिक डीएसपी और परिवहन विभाग से की शिकायत

दीपू कुमार सिंह ने इस मामले को लेकर मोतिहारी के ट्रैफिक डीएसपी और सिवान परिवहन विभाग में शिकायत दर्ज कराई है। अब संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर पर दो अलग-अलग तरह के वाहन कैसे सामने आए। फिलहाल इस घटना ने वाहन मालिकों के सामने एक नई परेशानी खड़ी कर दी है। अगर किसी दूसरे वाहन पर उनकी गाड़ी का नंबर इस्तेमाल हो रहा है, तो उसका जुर्माना असली वाहन मालिक को भरना पड़ सकता है।